बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान मतदान के बीच पुलिस लाइन स्थित बूथों पर उस समय माहौल गर्म हो गया, जब जन सुराज के संस्थापक और उम्मीदवार प्रशांत किशोर की पुलिसकर्मियों से तीखी बहस हो गई. प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि पुलिस मतदाताओं को डरा रही है और मतदान को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है.
ADVERTISEMENT
पुलिस से भिड़े प्रशांत किशोर
पुलिस लाइन स्थित बूथों पर पहुंचने के बाद प्रशांत किशोर ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से सवाल किए. उन्होंने कहा कि पुलिस की मौजूदगी और कार्रवाई से मतदाताओं में डर का माहौल बनाया जा रहा है. उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष और स्वतंत्र मतदान सुनिश्चित करने की मांग की.
जन सुराज ने लगाए गंभीर आरोप
जन सुराज के कार्यकर्ताओं का भी आरोप है कि मतदान केंद्र के आसपास कुछ लोगों के साथ पुलिस का रवैया सख्त था. पार्टी का कहना है कि इससे मतदाता असहज महसूस कर रहे थे. इसी मुद्दे को लेकर पुलिस और प्रशांत किशोर के बीच बहस तेज हो गई.
पुलिस ने क्या कहा?
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित रखने की बात कही. पुलिस की ओर से प्रशांत किशोर के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. प्रशासन का कहना है कि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की गई है.
कुछ देर की बहस के बाद स्थिति सामान्य हो गई और मतदान प्रक्रिया पहले की तरह जारी रही. प्रशासन ने मतदाताओं से बिना किसी डर के मतदान करने की अपील की. वहीं राजनीतिक दल पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं.
ADVERTISEMENT


