बांकीपुर में हार पर JDU विधायक अनंत सिंह का बड़ा बयान, कहा- 'नीतीश कुमार रहते तो यह नतीजा नहीं आता'

आशीष अभिनव

• 11:53 AM • 04 Aug 2026

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में हार पर JDU विधायक अनंत सिंह का बड़ा बयान. उन्होंने कहा कि अगर नीतीश कुमार रहते तो यह नतीजा नहीं आता. जानिए अनंत सिंह ने RJD और नीतीश कुमार को लेकर क्या-क्या कहा.

बांकीपुर की हार पर बोले अनंत सिंह
बांकीपुर की हार पर बोले अनंत सिंह
Google CTA

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के आए नतीजों और उसमें मिले जनादेश पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के बाहुबली विधायक अनंत सिंह का बड़ा बयान सामने आया है. अनंत सिंह ने हार के कारणों का विश्लेषण करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भूमिका और जनता के बीच बने माहौल पर बेबाक राय रखी है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगर नीतीश कुमार के चेहरे पर यह चुनाव लड़ा जाता तो बांकीपुर का परिणाम कुछ और ही होता. 

Read more!

'जनता में गलत संदेश गया कि नीतीश जी को हटाया गया'  

मीडिया से बातचीत करते हुए अनंत सिंह ने कहा कि चुनाव परिणामों पर जनता की सोच का सीधा असर पड़ा है. उन्होंने कहा कि आम लोगों के बीच यह हवा फैल गई कि नीतीश कुमार को उनके पद से हटा दिया गया है, जिससे जनता में नाराजगी थी.  अनंत सिंह ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा, "हम सभी जानते हैं कि नीतीश कुमार जी ने खुद मुख्यमंत्री पद छोड़ा है, उन्हें किसी ने हटाया नहीं है. लेकिन जनता को ऐसा लगा कि उन्हें जिस तरह पद से हटाया या बैठाया गया, वह सही नहीं था. जनता इस बात से रुष्ट थी और इसी का असर मतदान पर पड़ा

"'जनता ही मालिक है, फैसले का सम्मान होना चाहिए' 

चुनावी नतीजों पर बात करते हुए जेडीयू विधायक ने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि होती है. बांकीपुर की जनता ने जिसे वोट दिया, वह जीता है और जिसे वोट नहीं मिला, वह हार गया. इसमें कोई घुमा-फिराकर बात करने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि जनता ही मालिक है और उसका फैसला ही अंतिम होता है.

दिल्ली में नीतीश कुमार की सक्रियता पर भी बोले

नीतीश कुमार के राष्ट्रीय राजनीति में दिल्ली में एक्टिव रहने के सवाल पर अनंत सिंह ने साफ किया कि उन्हें इससे कोई परहेज नहीं है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जहां भी रहेंगे, जिस भी जगह से चुनाव लड़ेंगे, वे और उनके सभी समर्थक पूरी ताकत के साथ उनके साथ खड़े रहेंगे. 

राजद पर बोला हमला

बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर भी जोरदार जुबानी हमला किया. उन्होंने आरजेडी के भविष्य पर टिप्पणी करते हुए कहा कि राजद अब कोई पार्टी ही नहीं बची है और उसके साथ जो हो रहा है, उसका वही हाल होना तय था.