पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में चार युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है. पुलिस ने इस मामले में प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश की थ्योरी सामने रखते हुए दावा किया था कि शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर चारों को मौत के घाट उतारा गया. लेकिन अब उसी कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ी युवती सामने आ गई है और उसने पुलिस की पूरी कहानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
युवती ने मीडिया के सामने आकर आरोप लगाया कि पुलिस झूठी कहानी गढ़ रही है और एक निर्दोष युवक को फंसाने की कोशिश की जा रही है. उसने पुलिस को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उसके आरोपों और पुलिस की थ्योरी के समर्थन में सबूत नहीं दिए गए तो वह मानहानि का केस करेगी.
ADVERTISEMENT
4 युवकों की मौत के बाद शुरू हुई जांच
मामला बाढ़ थाना क्षेत्र के सैदपुर टोला, बेढ़ना गांव का है. 30 अगस्त को चार युवकों की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी. सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
एक साथ चार लोगों की मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए. चारों शवों का पोस्टमार्टम भी कराया गया. जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया.
पुलिस की ‘लव स्टोरी’ थ्योरी
पटना ग्रामीण के एसपी कुंदन कुमार के मुताबिक, पूछताछ में मुख्य आरोपी लाली कुमार ने घटना के पीछे प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश की बात बताई. पुलिस के अनुसार, मृतक निशु कुमार का लाली कुमार की बहन के साथ प्रेम प्रसंग था. इसे लेकर दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था. पुलिस का यह भी दावा है कि निशु के साथ शराब पीने वाले अन्य युवक लाली को चिढ़ाते थे. इसी रंजिश के कारण कथित तौर पर चारों को निशाना बनाने की साजिश रची गई.
पुलिस के मुताबिक, लाली कुमार ने पूछताछ में शराब में जहरीला पदार्थ मिलाने की बात स्वीकार की है. हालांकि, शराब में वास्तव में कोई जहरीला पदार्थ था या नहीं और चारों की मौत उसी से हुई या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही होगी.
लेकिन तभी सामने आई युवती
पुलिस जिस कथित प्रेम प्रसंग को इस पूरे मामले की वजह बता रही थी, अब उसी से जुड़ी युवती सामने आ गई है.युवती ने पुलिस के दावों को खारिज करते हुए कहा कि निर्दोष युवक को फंसाया जा रहा है. उसका आरोप है कि पुलिस की पिटाई और दबाव के कारण युवक ने डर से जुर्म कबूल कर लिया. युवती का कहना है कि जिस युवक को इस मामले में आरोपी बनाया जा रहा है, वही तबीयत बिगड़ने के बाद लोगों को अस्पताल पहुंचाने में शामिल था. युवती ने सवाल उठाया कि अगर वह युवक इस पूरी साजिश का हिस्सा था तो फिर उसने लोगों को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश क्यों की?
‘सबूत दीजिए, नहीं तो मानहानि का केस करूंगी’
युवती ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए कहा कि पुलिस अपने आरोपों के सबूत सामने रखे. उसने कहा कि मृतक युवक का मोबाइल पुलिस के पास जब्त है और उसकी जांच की जा सकती है. युवती ने अपना मोबाइल भी जांच के लिए देने की बात कही.
युवती ने साफ कहा कि अगर पुलिस के पास उसकी कहानी और आरोपों को साबित करने के लिए कोई ठोस सबूत नहीं है तो वह पुलिस के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराएगी.
स्थानीय लोगों ने भी उठाए सवाल
इस मामले में कुछ स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की जांच पर सवाल उठाए हैं. आरोप लगाए जा रहे हैं कि मामले को दबाने और किसी निर्दोष व्यक्ति को फंसाने की कोशिश की जा रही है. हालांकि,इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस अपनी जांच और अब तक सामने आए तथ्यों पर कायम है.
पुलिस के मुताबिक, शराब की सप्लाई से जुड़े दूसरे लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. मामले में एसआईटी का गठन किया गया है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है.
एफएसएल रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल इस केस में सबसे अहम एफएसएल रिपोर्ट मानी जा रही है.पुलिस ने शराब में जहरीला पदार्थ मिलाने की थ्योरी सामने रखी है, लेकिन वैज्ञानिक जांच की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है. यही रिपोर्ट साफ कर सकती है कि चारों युवकों की मौत का वास्तविक कारण क्या था. एक तरफ पुलिस की प्रेम प्रसंग, रंजिश और जहरीली शराब वाली थ्योरी है.
दूसरी तरफ युवती का आरोप है कि पुलिस ने गलत कहानी बनाकर निर्दोष को फंसाया है.अब सवाल यही है कि चार युवकों की मौत के पीछे असली वजह क्या थी? और क्या एफएसएल रिपोर्ट के बाद पुलिस की थ्योरी सही साबित होगी, या फिर इस केस की कहानी एक नया मोड़ लेगी?
ADVERTISEMENT


