"मैं दोस्त को छोड़कर आता हूं..." कहकर निकला 19 साल का बादल, फिर बांध पर मिली लाश,सस्पेंस गहराया!

हर्षिता सिंह

29 Jul 2026 (अपडेटेड: Jul 29 2026 2:55 PM)

बेगूसराय के सदानंदपुर में 19 वर्षीय बादल की संदिग्ध मौत! सिर पर धारदार हथियार का गहरा घाव, दोस्त और मोबाइल गायब। परिजनों ने जताई एकतरफा प्यार की खूनी रंजिश में हत्या की आशंका।

NewsTak
Google CTA

बिहार के बेगूसराय जिले के सदानंदपुर गांव में सोमवार की रात एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। 19 साल का सीधा-साधा युवक बादल पासवान, जो खेती-किसानी कर अपने परिवार का हाथ बंटाता था, अपनी साइकिल उठाकर घर से निकला था. उसने परिवार से कहा था "राम इकबाल को बलिया बाजार छोड़कर अभी लौटता हूं" 
लेकिन परिवार ने सपने में भी नहीं सोचा था कि साइकिल पर सवार होकर घर से मुस्कुराता हुआ निकला बादल फिर कभी अपने कदमों पर जिंदा वापस नहीं लौटेगा.

Read more!

रात 10 बजे के करीब सदानंदपुर गुप्ता लखमनिया बांध के सुनसान रास्ते पर सन्नाटा चीख उठा. खबर आई कि बांध पर बादल खून से लथपथ पड़ा हुआ है. बदहवास हालत में जब परिजन टॉर्च की रोशनी लिए मौके पर पहुंचे, तो उनके सामने जो नजारा था, उसने कलेजा कंपा दिया.

एक्सीडेंट या खौफनाक साजिश? सिर पर 6 इंच गहरा घाव!

मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरुआती नजर में इसे 'सड़क दुर्घटना' करार दिया, लेकिन मृतक के शरीर और घटनास्थल के हालात कुछ और ही बयां कर रहे थे. बादल के सिर पर किसी भारी व धारदार हथियार से जानलेवा वार किया गया था, जिससे सिर का हिस्सा दो भाग में फट गया था.

मृतक के पिता शिव पासवान (जो खुद होमगार्ड जवान हैं) और परिजनों ने पुलिस की थ्योरी पर कई सवाल दागे

शरीर पर खरोच क्यों नहीं? 

अगर यह बाइक या गाड़ी का एक्सीडेंट था, तो हाथ-पैर घिसटने या कपड़ों के फटने का एक भी निशान क्यों नहीं मिला?

दोस्त कहां गायब है? 

जिस राम इकबाल को बादल अपनी साइकिल पर बिठाकर बाजार छोड़ने निकला था, वारदात के बाद से वह हवा में गायब क्यों है?

लापता मोबाइल का राज

घटनास्थल से बादल का मोबाइल गायब है। अगर यह महज हादसा था, तो मोबाइल कौन ले गया?

फेसबुक पर प्यार का इजहार और वो 'खूनी रंजिश'!

बादल की संदिग्ध मौत के बाद अब गांव की गलियों में एकतरफा प्यार (One-Sided Love) का एंगल जोर पकड़ रहा है. परिजनों के मुताबिक, कुछ महीने पहले 5वीं पास बादल को गांव की ही एक लड़की से एकतरफा प्यार हो गया था. मासूमियत या नादानी में उसने लड़की की तस्वीर फेसबुक (Facebook) पर पोस्ट कर दी और प्यार का इजहार कर दिया.

इस बात से बौखलाए लड़की के परिजन (टुनटुन यादव और रामचंद्र तांती का परिवार) बादल के घर पहुंचे थे और विवाद हुआ था. हालांकि, बाद में गांव में पंचायत बिठाई गई, जहां मासूम उम्र की गलती मानकर माफीनामा हुआ और फेसबुक से फोटो डिलीट करा दी गई.

लेकिन पिता शिव पासवान का गंभीर आरोप है कि पंचायत के बाद भी लड़की के परिवार वालों ने धमकी दी थी जो किया सो किया, लेकिन इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा "

तीन महीने में सजा दिलाने की मांग, जांच जारी

मृतक के पिता का आरोप है कि पुरानी रंजिश के तहत उनके बेटे को रास्ते में घेरकर कुल्हाड़ी या टांगी जैसे धारदार हथियार से काट डाला गया.
 घटना के समय पिता सीवान में ड्यूटी पर थे, जहां से वे बदहवास हालत में घर पहुंचे.

फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और शव का पोस्टमार्टम कराकर विसरा रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस अब गायब दोस्त राम इकबाल की तलाश और बादल के गायब मोबाइल की लास्ट लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है.
इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे सदानंदपुर गांव में मातम और दहशत का माहौल है.