Haryana Dancer Begusarai case: बिहार के बेगूसराय जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां हरियाणा के सोनीपत की एक डांसर को काम के बहाने बुलाकर बंधक बना लिया गया. ऑर्केस्ट्रा की चमक-दमक वाली दुनिया के पीछे चल रहे देह व्यापार के इस बड़े रैकेट का खुलासा तब हुआ जब एक बहादुर लड़की ने पुलिस को गुप्त रूप से सूचना दी.
ADVERTISEMENT
धोखे से बुलावा और खौफनाक कैद
सोनीपत की रहने वाली इस लड़की को 20 अप्रैल को नोएडा की संगीता देवी का फोन आया था. उसे बेगूसराय में एक ऑर्केस्ट्रा प्रोग्राम के लिए अच्छे पैसों का लालच दिया गया. काम की तलाश में लड़की बेगूसराय पहुंच गई और पहली रात उसने तीन अन्य लड़कियों के साथ परफॉर्म भी किया. लेकिन असली खौफ तब शुरू हुआ जब उसने अपने मेहनताने के पैसे मांगे. संचालक अमरजीत कुमार और संगीता देवी ने पैसे देने के बजाय उसे एक कमरे में बंद कर दिया.
कमरे के अंदर का काला सच
लड़की को बेगूसराय के लोहिया नगर थाना क्षेत्र के एक किराए के मकान में कैद किया गया था. वहां पहले से ही कई लड़कियां मौजूद थीं जो डरी-सहमी और खामोश थीं. आरोपियों ने उसका मोबाइल छीन लिया और उसे धमकी दी कि उसे अब ऑर्केस्ट्रा के साथ-साथ देह व्यापार भी करना होगा. मना करने पर जान से मारने की धमकी और मारपीट की गई.
एक गुप्त फोन कॉल और जांबाज पुलिस का एक्शन
आरोपियों को भनक नहीं थी कि लड़की के पास एक छोटा कीपैड फोन छिपा हुआ है. मौका मिलते ही उसने '112' डायल कर दिया. बेगूसराय पुलिस ने तुरंत लोकेशन ट्रेस की और लोहिया नगर थाना पुलिस ने महिला अधिकारियों के साथ उस मकान पर छापा मारा. पुलिस ने वहां से चार लड़कियों को रेस्क्यू कराया और संचालक अमरजीत कुमार व संगीता देवी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया.
अंतरराज्यीय रैकेट का खुलासा
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि यह एक अंतरराज्यीय गिरोह है जो हरियाणा, दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों से लड़कियों को डांस के नाम पर बुलाता है और फिर उन्हें अंधेरे धंधे में धकेल देता है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस रैकेट का जाल और कहां-कहां फैला है.
यह भी पढ़ें: पति की सैलरी से नहीं हो पा रहा था शौक पूरा, धंधे में उतरी महिला... बेगुसराय जिले की ये कहानी हैरान कर देगी
ADVERTISEMENT


