स्कूटी से लौट रहे पूर्व पार्षद और साथी को बदमाशों ने घेरा, ताबड़तोड़ फायरिंग में दो घायल

सौरभ कुमार

• 07:37 PM • 19 Sep 2026

बिहार के बेगूसराय में बलिया नगर परिषद के पूर्व पार्षद इरशादुल जमा और उनके सहयोगी पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. 15 लाख रुपये की सुपारी और जमीन विवाद से जुड़े इस हमले का CCTV फुटेज सामने आया है.

NewsTak
Google CTA

बिहार के बेगूसराय जिले में पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को लेकर एक पूर्व पार्षद की हत्या की खौफनाक साजिश का मामला सामने आया है. 18 सितंबर की रात करीब 10 बजे बदमाशों ने बलिया नगर परिषद के पूर्व पार्षद मोहम्मद इरशादुल जमा और उनके सहयोगी मोहम्मद शाकिर को सड़क पर घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. इस पूरी वारदात का दिल दहला देने वाला CCTV फुटेज भी सामने आ गया है. फायरिंग में घायल पूर्व पार्षद और उनके साथी को इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है.

Read more!

CCTV में कैद हुआ हमले का पूरा घटनाक्रम

सामने आए CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि तीन हथियारबंद बदमाश पहले से ही सड़क किनारे घात लगाकर छिपे हुए थे. जैसे ही पूर्व पार्षद इरशादुल जमा अपने साथी शाकिर के साथ स्कूटी से एक मकान के पास पहुंचे, घात लगाए बदमाशों ने दौड़कर उनकी स्कूटी में जोर से टक्कर मार दी. टक्कर मार कर स्कूटी को रोकने के बाद बदमाशों ने अचानक सीधी फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुए इस हमले से अफरा-तफरी मच गई. जान बचाने के लिए दोनों घायलों ने भागने की कोशिश की, लेकिन तब तक गोलियां उन्हें लग चुकी थीं. फायरिंग के बाद आरोपी मौके से अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.

कंधे और हाथ में लगी गोली

इस जानलेवा हमले में पूर्व पार्षद इरशादुल जमा के कंधे और हाथ में गोली लगी है, जबकि उनके साथी शाकिर भी गोली लगने से घायल हुए हैं. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया. घायल इरशादुल जमा बलिया नगर परिषद के पूर्व पार्षद हैं और वर्तमान में उनकी पत्नी वहां से पार्षद हैं. इसके अलावा वे अनाज के कारोबार से भी जुड़े हैं.

दान की जमीन और 15 लाख की सुपारी का कनेक्शन

घटना के पीछे पुरानी रंजिश और जमीन विवाद की बात सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि इरशादुल जमा ने कुछ समय पहले जमीन खरीदकर उसे सड़क निर्माण के लिए सरकार को दान दे दिया था. इसी जमीन को लेकर उनके पड़ोसी सहरोज के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसके अलावा सहरोज, शाहनवाज, मोहम्मद अब्दुल्ला और मुन्ना सिंह के साथ भी उनकी पुरानी दुश्मनी थी. आरोप है कि इसी रंजिश के चलते पूर्व पार्षद को रास्ते से हटाने के लिए ₹15 लाख की सुपारी दी गई थी. यह सुपारी दिलीप यादव और मुकेश यादव को दिए जाने की बात सामने आ रही है.

एक आरोपी गिरफ्तार, पुलिस खंगाल रही कड़ियां

मामले की जानकारी देते हुए मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी थी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में नामजद आरोपी मुन्ना सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. डीएसपी ने बताया कि वारदात में शामिल अन्य फरार बदमाशों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस CCTV फुटेज को अहम सबूत मानकर हमलावरों की पहचान में जुटी है. साथ ही ₹15 लाख की सुपारी और पुरानी रंजिश के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है.

अनंत सिंह ने MLC चुनाव में अनुज सिंह को दिया समर्थन, अब PK का बड़ा बयान