बेगूसराय होटल कांड: मुख्य आरोपी रोहित सहनी गिरफ्तार, पुलिस से भागने की कोशिश में घायल

सौरभ कुमार

• 08:37 AM • 30 Sep 2026

बेगूसराय के होटल में युवती के साथ कथित दुष्कर्म, मारपीट और वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने आरोपी रोहित कुमार सहनी को समस्तीपुर जिले के मोहद्दीनगर से गिरफ्तार किया गया है. इससे पहले पुलिस ने उसके जीजा और मामले में नामजद आरोपी विक्रम कुमार को भी गिरफ्तार किया था.

begusarai hotel case
बेगूसराय होटल कांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
Google CTA

बेगूसराय के होटल में युवती के साथ कथित दुष्कर्म, मारपीट और वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मामले के मुख्य आरोपी रोहित कुमार सहनी को समस्तीपुर जिले के मोहद्दीनगर से गिरफ्तार किया गया है. इससे पहले पुलिस ने उसके जीजा और मामले में नामजद आरोपी विक्रम कुमार को भी गिरफ्तार किया था. पुलिस के मुताबिक, विक्रम कुमार की गिरफ्तारी के बाद मिले इनपुट और तकनीकी निगरानी के आधार पर मुख्य आरोपी रोहित की तलाश तेज की गई. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ, एसआईटी और पुलिस की अलग-अलग टीमें सक्रिय थीं. इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि रोहित कुमार सहनी समस्तीपुर के मोहद्दीनगर बाजार में छिपा हुआ है और वहां से बाहर निकलने की कोशिश में है.

Read more!

मोहद्दीनगर में घेराबंदी, भागने लगा आरोपी

सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशु के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम मोहद्दीनगर पहुंची. पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की तो रोहित ने वहां से भागने की कोशिश की. पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और बेगूसराय लेकर रवाना हो गए. पुलिस के अनुसार, बेगूसराय लाने के दौरान सुल्तानपुर के पास रोहित ने पेशाब करने के लिए वाहन रोकने की बात कही. वाहन की रफ्तार कम होते ही उसने पुलिस गाड़ी से कूदकर भागने का प्रयास किया. पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा कर उसे दोबारा पकड़ लिया.

पुलिस वाहन से कूदने के दौरान पैर में लगी चोट

पुलिस के मुताबिक, वाहन से कूदने की कोशिश के दौरान रोहित के दाहिने पैर के घुटने में गंभीर चोट लगी. उसे पहले बछवाड़ा अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी मनीष भी बछवाड़ा पहुंचे. इसके बाद घायल आरोपी को बेगूसराय लाकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

पुलिस बोली- दोनों आरोपी गिरफ्तार

बेगूसराय के एसपी मनीष ने बताया कि युवती से जुड़ी घटना के वायरल वीडियो मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के अनुसार, विक्रम कुमार को मंगलवार को बेगूसराय शहर से गिरफ्तार किया गया था, जबकि मुख्य आरोपी रोहित कुमार सहनी को समस्तीपुर जिले के मोहद्दीनगर से पकड़ा गया. एसपी के मुताबिक, फिलहाल रोहित का इलाज कराया जा रहा है. इसके बाद उससे पूछताछ की जाएगी कि वह कहां और किस उद्देश्य से जा रहा था. पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के आगे बढ़ने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी सामने आ सकती है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी रोहित ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. हालांकि, मामले में सामने आए आरोपों और वायरल वीडियो से जुड़े सभी पहलुओं की जांच पुलिस की ओर से की जा रही है.

क्या है पूरा मामला?

बेगूसराय के एक होटल से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद युवती के साथ कथित दुष्कर्म और मारपीट का मामला सामने आया था. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका को लेकर कार्रवाई आगे बढ़ाई गई. पहले विक्रम कुमार की गिरफ्तारी हुई और इसके बाद मुख्य आरोपी रोहित कुमार सहनी की तलाश में पुलिस टीमों ने तकनीकी निगरानी समेत अलग-अलग माध्यमों से जांच आगे बढ़ाई. अब दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.