बिहार के बेगूसराय में दबंगों के हौसले बुलंद हैं. जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चंदवारा (कंकौल) गांव में डेढ़ बीघा पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया. वर्चस्व जमाने पहुंचे दबंगों ने ताबड़तोड़ 100 राउंड से अधिक फायरिंग की, जिसमें गोली लगने से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया है.
ADVERTISEMENT
200 बाइकों से पहुंचे थे दबंग, विरोध पर बरसाईं गोलियां
पीड़ित पक्ष के केवी यादव ने बताया कि उनकी लगभग डेढ़ बीघा पुश्तैनी जमीन है, जिसके कई हिस्सेदार हैं. आरोप है कि राजा और मोहन नाम के व्यक्ति अपने साथ करीब 200 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर मजदूरों के साथ जमीन पर अवैध कब्जा करने पहुंचे थे. जब ग्रामीणों और परिजनों ने उनसे जमीन के कागजात दिखाने को कहा और कब्जे का विरोध किया, तो दबंगों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी.
फायरिंग में 4 लोग घायल
फायरिंग की इस वारदात में धनवीर यादव, धीरज यादव, संतु यादव और सनोज यादव गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.
ग्रामीणों ने खदेड़ा तो गाड़ियां छोड़कर भागे बदमाश, 2 की लिंचिंग
अचानक हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद स्थानीय ग्रामीण एकजुट हो गए और लाठी-डंडे लेकर बदमाशों को खदेड़ना शुरू कर दिया. ग्रामीणों का भारी गुस्सा देखकर कई बदमाश अपनी गाड़ियां मौके पर ही छोड़कर पैदल भाग खड़े हुए. उग्र भीड़ ने मौके पर छूटी दर्जनभर से अधिक बाइकों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. इसी बीच ग्रामीणों ने भाग रहे दो बदमाशों को रंगे हाथ पकड़ लिया और पुलिस की मौजूदगी के सामने ही उनकी बेहमी से पिटाई कर दी. पुलिसकर्मियों ने किसी तरह दोनों घायलों को उग्र भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा. दो बदमाशों की पिटाई का यह पूरा वाकया कैमरे में कैद हो गया है और इसका लाइव वीडियो भी सामने आया है.
मौके पर पहुंचे एसपी, भारी पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष और सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडे के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस टीम भारी संख्या में मौके पर पहुंची. आक्रोशित ग्रामीणों ने आशंका जताई कि कुछ बदमाश पास के एक घर में छिपे हैं, जिसके बाद पुलिस ने पूरे घर की सघन तलाशी ली, हालांकि वहां कोई नहीं मिला. पुलिस ने घटनास्थल से दर्जनों क्षतिग्रस्त बाइकें और भारी मात्रा में कारतूस के खोखे बरामद किए हैं।
एसपी बेगूसराय का बयान
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी मनीष ने बताया, "मुफस्सिल थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच फायरिंग की घटना हुई है. इसमें चार लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है. पुलिस ने मौके से कई वाहन और साक्ष्य जब्त किए हैं। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
ADVERTISEMENT


