लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की घर वापसी के लिए देश भर से बिहार आने वाले लोगों की दीवानगी किसी से छिपी नहीं है. कहीं ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं है, तो कहीं हवाई जहाज के किराए आसमान छू रहे हैं. लेकिन बिहार के बेगूसराय जिले के एक युवक ने घर आने की ऐसी जिद ठानी कि हर कोई दंग रह गया. ट्रेन में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने और फ्लाइट का किराया 25 हजार रुपये प्रति व्यक्ति तक पहुंच जाने के बाद युवक ने सीधे 26 लाख रुपये की नई लग्जरी कार खरीद ली और अपने परिवार व दोस्त के साथ सड़क मार्ग से बेंगलुरु से बेगूसराय का लंबा सफर तय कर गांव पहुंच गया.
ADVERTISEMENT
तीन साल बाद घर आने की जिद और महंगे टिकट ने कराया बड़ा फैसला
यह दिलचस्प कहानी बेगूसराय जिले के गढ़हारा गांव के रहने वाले धनंजय कुमार की है, जो बेंगलुरु में रहते हैं. धनंजय बताते हैं कि वे पिछले तीन वर्षों से अलग-अलग कारणों से छठ पूजा पर अपने गांव नहीं आ पा रहे थे. इस बार उन्होंने ठान लिया था कि चाहे जो हो जाए, छठ मनाने गांव जरूर जाएंगे. वे पिछले दो महीने से ट्रेन में टिकट बुक करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सफलता नहीं मिली. वहीं, बेंगलुरु से पटना की फ्लाइट का किराया भी बढ़कर 25 हजार रुपये के पार चला गया. ऐसे में परिवार के सभी सदस्यों के टिकट का खर्च काफी ज्यादा बैठ रहा था.
सोशल मीडिया पर मांगी सलाह और 10 दिन पहले मिल गई 'टाटा सफारी'
दुविधा में फंसे धनंजय ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डालकर लोगों से सुझाव मांगा कि गांव कैसे जाया जाए. लोगों ने उन्हें सलाह दी कि जब नई गाड़ी लेने का मन है ही, तो अभी खरीदकर सड़क मार्ग से चले जाइए. इसके बाद धनंजय टाटा की एजेंसी पहुंचे. वहां लंबी वेटिंग चल रही थी, लेकिन जब उन्होंने छठ पर घर जाने की अपनी भावना बताई तो एजेंसी ने विशेष सहयोग करते हुए यात्रा से महज 10 दिन पहले उन्हें 26 लाख रुपये की नई टाटा सफारी की डिलीवरी दे दी.
प्रयागराज संगम स्नान और बाबा विश्वनाथ के दर्शन करते हुए पहुंचे गांव
गाड़ी की पहली सर्विसिंग कराने के बाद 4 नवंबर को धनंजय अपनी पत्नी ज्योति कुमारी, दोनों बेटों (8 वर्षीय कुमार दश और 2 वर्षीय ध्रुव) तथा दोस्त हिमांशु के साथ बेंगलुरु से रवाना हुए. इस चार दिवसीय रोमांचक यात्रा के दौरान उन्होंने सफर को यादगार बना दिया. रास्ते में वे अलिहाबाद और रीवा में रुके, फिर प्रयागराज पहुंचकर संगम में आस्था की डुबकी लगाई और वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन भी किए. इस पूरी यात्रा में करीब 13 हजार रुपये का डीजल लगा, जबकि होटल, खान-पान और घूमने पर लगभग 26 हजार रुपये खर्च हुए और 8 नवंबर को पूरा परिवार सकुशल गांव पहुंच गया.
कार में ही बच्चों के लिए बनाया खेल और सोने का इंतजाम
धनंजय ने बताया कि सफर लंबा जरूर था, लेकिन बच्चों को कोई परेशानी न हो इसके लिए उन्होंने कार के अंदर ही लूडो, गेम्स और सोने की पूरी व्यवस्था कर रखी थी. वे और उनके दोस्त बारी-बारी से गाड़ी चलाते रहे और पीछे बैठकर बच्चों के साथ खेलते हुए पूरा सफर आनंद के साथ पूरा किया. अब छुट्टियां बिताने के बाद धनंजय ने सोशल मीडिया पर मिले सुझावों के आधार पर कोलकाता और जगन्नाथ पुरी घूमते हुए बेंगलुरु लौटने की योजना बनाई है.
बेतिया में पति की दूसरी शादी की खबर पर बवाल: ससुराल पहुंचे मायके वालों पर लाठी-डंडों से हमला, गाड़ी के शीशे तोड़े
ADVERTISEMENT


