बेगूसराय में रफ्तार का कहर! मधेपुरा के 3 SHO और ड्राइवर की सड़क हादसे में मौत...पुलिस महकमे में मातम

Begusarai Road Accident: बिहार के बेगूसराय में हुए भीषण सड़क हादसे में मधेपुरा जिले के तीन थाना प्रभारियों (SHO) और एक निजी चालक की दर्दनाक मौत हो गई. पटना से ट्रेनिंग कार्यक्रम से लौटते समय उनकी कार NH-31 पर ट्रक से टकरा गई. हादसे के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है. जानिए मृत अधिकारियों की पहचान और कैसे हुई दुर्घटना.

Begusarai Road Accident
Begusarai Road Accident

सैय्यद अलमदार हुसैन रिजवी

follow google news

बिहार के बेगूसराय में गुरुवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. इस दर्दनाक हादसे में कार में सवार मधेपुरा जिले के तीन थाना प्रभारियों (SHO) और उनके एक निजी कार चालक की मौत हो गई. घटना के बाद से ही इलाके और पुलिस महकमे में अफरातफरी का माहौल बन गया. हादसे की जानकारी मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार, सदर डीएसपी आनंद पांडे और भारी संख्या में पुलिस बल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए.

Read more!

साहिबपुर कमाल थाना क्षेत्र में हुआ हादसा

यह पूरी घटना साहिबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा स्थित NH 31 के पास की है. बताया जा रहा है कि मधेपुरा जिले के अलग-अलग थानों में तैनात तीन थाना प्रभारी पटना में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) कार्यक्रम में हिस्सा लेकर लौट रहे थे. गुरुवार की देर रात करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच, जब वे सभी एक ही प्राइवेट कार में सवार होकर मधेपुरा वापस जा रहे थे, तभी उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ट्रक में पीछे से बेहद जोरदार तरीके से टकरा गई.

घटनास्थल पर ही तीन लोगों ने तोड़ा दम

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. इस दर्दनाक हादसे में दो थाना प्रभारियों और उनके निजी कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, तीसरे थाना प्रभारी साजन पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए बेगूसराय के सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया. एक साथ तीन पुलिस अधिकारियों और चालक की मौत की खबर फैलते ही पूरे पुलिस महकमे में खलबली मच गई.

जानिए कौन थे जान गंवाने वाले तीनों SHO

इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले तीनों पुलिस अधिकारी मधेपुरा जिले के विभिन्न थानों की कमान संभाल रहे थे. मृतकों की पहचान इस प्रकार की गई है:

साजन पासवान: ये मधेपुरा के रतवाड़ा थाना के प्रभारी थे. साजन पासवान 2018 बैच के पुलिस अधिकारी थे और मूल रूप से डेहरी-ऑन-सोन, रोहतास के रहने वाले थे.

ज्ञानेंद्र अमरेंद्र: ये मधेपुरा के आरआर थाना के प्रभारी थे. ज्ञानेंद्र 2009 बैच के अधिकारी थे और वे मनिहारी, कटिहार के निवासी थे.

नीरज कुमार: ये मधेपुरा के बेलारी थाना के प्रभारी के रूप में कार्यरत थे. नीरज 2018 बैच के अधिकारी थे और कैमूर जिले के रहने वाले थे.

इसके साथ ही कार चला रहे निजी चालक की पहचान ज्योतिष कुमार के रूप में हुई है, जिनकी इस हादसे में मौत हो गई है.

सीएम सम्राट चौधरी ने जताया गहरा दुख

इस भीषण सड़क दुर्घटना पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी संवेदनाएं साझा करते हुए लिखा कि बेगूसराय में हुए भीषण सड़क हादसे में तीन थाना प्रभारी एवं वाहन चालक के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है. यह अपूरणीय क्षति पूरे पुलिस परिवार के लिए एक गहरा आघात है. उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और कहा कि दुख की इस घड़ी में बिहार सरकार शोकाकुल परिजनों के साथ मजबूती से खड़ी है.

जांच में जुटे आला अधिकारी

हादसे के बाद बेगूसराय रेंज के डीआईजी शैलेश कुमार और मधेपुरा के एसपी भी बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचे. पुलिस प्रशासन द्वारा सभी कानूनी और वैधानिक प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है. बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार ने बताया कि देर रात हाईवे पर हुए इस एक्सीडेंट की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस के तय प्रोटोकॉल के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है और घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए इन्वेस्टिगेशन जारी है.

    follow google news