सोशल मीडिया पर पिछले दो दिनों से वायरल हो रही कथित ‘रूसी लव स्टोरी’ की कहानी में नया मोड़ सामने आ गया है. ये वीडियो तो आपने सोशल मीडिया पर देखा ही होगा. इसको लेकर किए जा रहे दावे भी आपने जरूर सुना होगा. वीडियो को भागलपुर के राहुल यादव और रूस की युवती जूली की प्रेम कहानी बताकर प्रचारित किया जा रहा है. दावा किया जा रहा है कि विदेशी युवती अपने प्रेमी से मिलने भागलपुर के राजापुर गांव पहुंची है और दोनों नवंबर में शादी करने वाले हैं. हालांकि, वीडियो की पड़ताल में कहानी के दावे वास्तविकता से अलग निकले है. न युवक भागलपुर का है न युवती रूस की.
ADVERTISEMENT
ब्रिटेन की नागरिक है एंड्रिया कोनोली
वायरल वीडियो में जिस युवक को भागलपुर का राहुल यादव बताया जा रहा था, उसकी पहचान पूर्णिया जिले के कसबा प्रखंड अंतर्गत गढ़बनैली गांव निवासी नमित कुमार के रूप में हुई है। वहीं, युवती को रूस की नागरिक बताकर ‘जूली’ नाम दिया गया था, जबकि उपलब्ध जानकारी के अनुसार वह ब्रिटेन की नागरिक एंड्रिया कोनोली है.
सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने आई भारत
जानकारी के अनुसार, एंड्रिया कोनोली पूर्णिया जिले के कसबा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या तीन में एक सामाजिक कार्यक्रम के सिलसिले में पहुंची थीं. वहां सामाजिक संस्था के माध्यम से आदिवासी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बकरियों का वितरण किया जा रहा था. इसी कार्यक्रम की वीडियोग्राफी के लिए नमित कुमार अपनी कैमरा टीम के साथ मौजूद था. कार्यक्रम के दौरान नमित ने विदेशी युवती के साथ एक सामान्य वीडियो बनाया, जिसे बाद में अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपलोड किया गया. आरोप है कि इसी वीडियो को कुछ सोशल मीडिया पेजों ने अलग कहानी के साथ प्रसारित करना शुरू कर दिया.
युवती के साथ दिखने वाला युवक आया सामने
वायरल वीडियो के साथ दावा किया जाने लगा कि युवती छह महीने के विरह के बाद अपने प्रेमी से मिलने भारत आई है. कहानी में युवक के टूटे-फूटे घर, गुलाब देकर प्यार जताने और दोनों परिवारों की सहमति से नवंबर में शादी होने जैसी बातें भी जोड़ दी गईं. इन दावों ने सोशल मीडिया पर तेजी से लोगों का ध्यान खींचा. पूरे मामले पर नमित कुमार ने बताया कि वह एनजीओ के आधिकारिक कार्यक्रम में वीडियोग्राफी करने गया था. वहां बनाया गया सामान्य वीडियो बाद में तोड़-मरोड़कर पेश किया गया. इसके बाद युवक और युवती की पहचान तथा उनके कथित प्रेम प्रसंग को लेकर भ्रामक दावे फैलने लगे.
वायरल वीडियो के दावों की नहीं हुई पुष्टि
वीडियो की वास्तविक पृष्ठभूमि सामने आने के बाद कथित ‘रूसी लव स्टोरी’ पर सवाल खड़े हो गए हैं. जिस कहानी को सोशल मीडिया पर सच्चे प्यार की मिसाल बताकर प्रचारित किया जा रहा था, उसके प्रमुख दावों की पुष्टि नहीं हुई. यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो को बिना सत्यापन के सच मानना और साझा करना भ्रामक साबित हो सकता है.
इनपुट- सुजीत कुमार, नवगछिया
Bigg Boss 20: निरहुआ संग रिश्ते पर आम्रपाली दुबे का खुलासा, माही के सवालों पर क्या बोलीं?
ADVERTISEMENT


