भोजपुर के चर्चित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में एक बार फिर नया मोड़ आ गया है. न्याय की लड़ाई के बीच अब सोशल मीडिया पर कथित धमकियों और गांव में बढ़ते विवाद ने पूरे मामले को फिर सुर्खियों में ला दिया है. भरत भूषण तिवारी की मां आशा देवी ने शाहपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. शिकायत में सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार धमकी दिए जाने का आरोप लगाया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
सोशल मीडिया पर धमकी देने का आरोप
जानकारी के अनुसार. शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव निवासी स्वर्गीय भरत भूषण तिवारी की मां आशा देवी ने थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी है. उन्होंने आरोप लगाया है कि इंटरनेट मीडिया के जरिए उन्हें और उनके परिवार को लगातार धमकाया जा रहा है. शिकायत में गांव के ही दो लोगों को नामजद किया गया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि हाल ही में भरत भूषण तिवारी के परिजनों ने पटना में मुख्यमंत्री समेत कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर पूरे मामले में न्याय की मांग की थी. इसके बाद सोशल मीडिया पर बयानबाजी तेज हो गई. दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया. परिजनों का आरोप है कि नेताओं से मुलाकात के बाद उन्हें लगातार निशाना बनाया जा रहा है और सोशल मीडिया पर धमकी भरे संदेश साझा किए जा रहे हैं.
बिलौटी गांव में मारपीट का वीडियो वायरल
इसी बीच बिलौटी गांव में एक और विवाद सामने आया है. भरत भूषण तिवारी के फुफेरे भाई अंशु कुमार उर्फ लव तिवारी के साथ कथित मारपीट और नोकझोंक की घटना हुई है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात कही जा रही है. परिजनों का आरोप है कि गांव के एक युवक ने उनके साथ मारपीट की और विवाद को बढ़ाने की कोशिश की. हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.
आईटी एक्ट और बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज
मामले को लेकर शाहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है. सोशल मीडिया पर कथित धमकी देने के मामले में भारतीय न्याय संहिता और आईटी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. वहीं मारपीट की घटना को लेकर भी आवेदन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट, डिजिटल साक्ष्यों और वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है.
परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
भरत भूषण तिवारी के परिजनों का कहना है कि वे लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं. उनका आरोप है कि उन्हें डराने और दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है. परिवार ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.
पुलिस जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई
फिलहाल सोशल मीडिया पर कथित धमकी और गांव में हुई मारपीट. दोनों मामलों की जांच जारी है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की सच्चाई सामने आएगी. उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT


