बिहार के भोजपुर जिले से एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने फिल्मी स्क्रिप्ट को भी पीछे छोड़ दिया है. जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बेलौटी गांव में एक युवक ने पुलिस टीम के सामने ही पिस्तौल तान दी और उन्हें सीधे गोली मारने की धमकी दे डाली. करीब 20 मिनट तक यह युवक खाकी वर्दी को चुनौती देता रहा और मुख्यमंत्री को मौके पर बुलाने की मांग करता रहा. इस पूरे हाई वोल्टेज ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पिछले 48 घंटों से इलाके में तांडव मचा रहे इस युवक को काबू में करने के लिए आखिरकार पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी, जिसमें युवक को दो गोलियां लगी हैं और उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ADVERTISEMENT
खटिया पर बैठकर पुलिस को दी चुनौती
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि भरत तिवारी नाम का यह युवक एक खटिया पर बैठा हुआ है और सामने खड़ी पुलिस टीम पर सीधे पिस्तौल ताने हुए है. वह लगातार चिल्ला रहा था कि 'मुख्यमंत्री को बुलाओ नहीं तो गोली चला देंगे'. इस दौरान युवक ने समाज और देश के विकास की बातें करते हुए कहा कि उसकी मांगें पूरी होने पर ही वह शस्त्र डालेगा.
सबसे दिलचस्प बात यह रही कि मौके पर मौजूद शाहपुर थाना अध्यक्ष राजेश मालाकार और युवक के परिजनों ने तुरंत कोई सख्त एक्शन लेने के बजाय बेहद संयम दिखाया. पुलिस और परिजन लगातार उसे समझाने और शांत कराने की कोशिश करते रहे, लेकिन युवक खुद को किसी फिल्म का विलेन समझकर बार-बार चेतावनी देता रहा.
48 घंटे तक मचाया अवैध हथियार से तांडव
स्थानीय सूत्रों और पुलिस के अनुसार, भरत तिवारी पिछले दो दिनों (48 घंटे) से पूरे इलाके में चर्चा और दहशत का विषय बना हुआ था. उसे मानसिक रूप से अस्वस्थ यानी विक्षिप्त बताया जा रहा है. वह अवैध हथियार के साथ सोशल मीडिया पर लगातार वीडियो पोस्ट कर रहा था, जिसमें वह एसडीएम सहित कई बड़े प्रशासनिक अधिकारियों को टारगेट कर बयानबाजी कर रहा था.
युवक की इन हरकतों की खबर मिलने के बाद पुलिस जब पहले दिन उसे पकड़ने गांव पहुंची, तब उसने कमर से पिस्तौल निकालकर पुलिस पर ही तान दी थी. उस वक्त पुलिस ने संयम बरतते हुए परिवार वालों से उसका हथियार जब्त करने और उसे मेंटल हॉस्पिटल में भर्ती कराने को कहा था.
पकड़ने गई पुलिस टीम पर की फायरिंग, मुठभेड़ में लगी दो गोली
मामला सिर्फ धमकी और सोशल मीडिया वीडियो तक ही सीमित नहीं रहा. पुलिस को आशंका थी कि युवक के पास हथियार होने की वजह से कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है. इसी के मद्देनजर जब अगले दिन सुबह-सुबह पुलिस टीम दोबारा उसे गिरफ्तार करने बेलौटी गांव पहुंची, तो युवक ने पुलिस को देखते ही सीधे फायरिंग शुरू कर दी.
युवक द्वारा की गई इस गोलीबारी के बाद पुलिस को भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी. पुलिस की ओर से हुई फायरिंग में युवक को दो गोलियां लगीं, जिसके बाद वह वहीं गिर पड़ा. भोजपुर के एसपी मिस्टर राज ने फोन पर इस मुठभेड़ और युवक को दो गोली लगने की आधिकारिक पुष्टि की है. राहत की बात यह रही कि इस पूरी गोलाबारी में कोई भी पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ.
अस्पताल में चल रहा है इलाज, पुलिस जांच में जुटी
हथियार के बल पर पुलिस को छकाने वाले इस युवक का हाई वोल्टेज ड्रामा आखिरकार आरा के सदर अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में जाकर शांत हुआ है. घायल अवस्था में भरत तिवारी को तुरंत आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है. अस्पताल परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है.
पुलिस ने युवक के पास से अवैध पिस्तौल को भी जब्त कर लिया है. अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल और जांच का विषय यह है कि एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक के पास यह पिस्तौल कहां से आई? क्या यह हथियार लाइसेंसी था या अवैध, और अगर अवैध था तो इस विक्षिप्त युवक तक इसे किसने पहुंचाया? पुलिस इन सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT


