मुश्किल में 'पावर स्टार' पवन सिंह: मां प्रतिमा देवी की तबीयत अचानक बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती; भावुक होकर बोले- 'माई हमार दुनिया'
पटना: भोजपुरी सिनेमा के 'पावर स्टार' पवन सिंह के प्रशंसकों और पूरे भोजपुरी संगीत उद्योग के लिए एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है. पवन सिंह की मां प्रतिमा देवी की तबीयत अचानक बेहद बिगड़ गई है, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मां के अस्पताल में एडमिट होने की खबर मिलते ही पवन सिंह के लाखों फैंस उनके जल्द से जल्द सेहतमंद होने की दुआएं मांग रहे हैं.
ADVERTISEMENT
अस्पताल से शेयर की दिल छू लेने वाली तस्वीर
पवन सिंह ने खुद अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल से अस्पताल के कमरे से एक बेहद भावुक करने वाली तस्वीर साझा की है. इस फोटो में उनकी मां अस्पताल के बेड पर लेटी हुई नजर आ रही हैं, वहीं पवन सिंह उन्हें गले लगाकर बेहद चिंतित और भावुक दिख रहे हैं. इस तस्वीर के साथ पवन सिंह ने एक छोटा लेकिन गहरा कैप्शन लिखा 'माई हमार दुनिया.' उनकी यह एक लाइन मां के प्रति उनके गहरे प्रेम, आदर और इस संकट की घड़ी में उनके दर्द को बयां करने के लिए काफी है.
पत्नी ज्योति सिंह और करीबी दोस्त ने भी मांगी दुआएं
मां के अस्पताल में भर्ती होने के बाद पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने भी अपनी सासू मां की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर कर उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की. ज्योति सिंह ने लिखा 'भगवान से यही प्रार्थना है कि आपको जल्द से जल्द पूर्ण रूप से स्वस्थ करें. आपको उत्तम स्वास्थ्य और लंबी उम्र दें.' इसके अलावा पवन सिंह के करीबी दोस्त प्रियांशु सिंह ने भी अस्पताल से तस्वीर साझा करते हुए लिखा— 'पवन सिंह की पूज्य माता जी का स्वास्थ्य ठीक नहीं है. हम सब मिलकर उनके शीघ्र स्वस्थ होने और दीर्घायु की प्रार्थना करते हैं. हे ईश्वर, कृपा बनाए रखना.'
'माई खत्म तो पवन खत्म'— मां के बिना कुछ नहीं पवन सिंह
पवन सिंह अपनी मां प्रतिमा देवी के बेहद करीब माने जाते हैं. वे अक्सर सार्वजनिक मंचों पर यह स्वीकार कर चुके हैं कि उनकी जिंदगी में उनकी मां के अलावा कोई दूसरा सबसे बड़ा मुकाम नहीं है. छठ पूजा हो या कोई भी बड़ा पारिवारिक अवसर, पवन हमेशा अपनी मां के साथ ही नजर आते हैं. हाल ही में अपने रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' के प्रोमो में भी पवन सिंह मां के पैर दबाते हुए बेहद भावुक हो गए थे. उन्होंने रोते हुए कहा था— "माई खत्म तो पवन खत्म." उन्होंने यहाँ तक कह दिया था कि अगर उनकी मां को कुछ हो जाता है, तो उनके जीने का भी कोई वजूद नहीं रहेगा. फिलहाल डॉक्टरों की टीम प्रतिमा देवी के इलाज में जुटी हुई है और सोशल मीडिया पर फैंस लगातार उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं.
समस्तीपुर में जनसुराज नेता राजकपूर गिरफ्तार, अपराधियों को लाइसेंसी राइफल देने का आरोप
ADVERTISEMENT


