तेज प्रताप यादव को पुलिस ने किया गिरफ्तार, कोर्ट ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा जेल

आशीष अभिनव

• 12:28 PM • 26 Jul 2026

बिहार बंद के दौरान प्रदर्शन के मामले में JJD सुप्रीमो तेज प्रताप यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर 14 दिनों की जेल भेज दिया है. पटना के मॉल से हुई गिरफ्तारी के दौरान उन्होंने क्या कहा, पढ़ें पूरी रिपोर्ट.

NewsTak
JJD सुप्रीमो तेज प्रताप यादव गिरफ्तार
Google CTA

न्यूज़ हाइलाइट्स

point

JJD सुप्रीमो तेज प्रताप यादव गिरफ्तार

point

14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेजे गए

point

छात्रों के लिए जान भी हाजिर- तेजप्रताप

point

पटना के एक मॉल से हुई तेजप्रताप की गिरफ्तारी

NEET परीक्षा धांधली और प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए पुलिस बल प्रयोग के खिलाफ शनिवार को बुलाए गए 'बिहार बंद' के दौरान बड़ा सियासी घटनाक्रम देखने को मिला. JJD सुप्रीमो और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. शनिवार देर शाम मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किए जाने के बाद अदालत ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत (Judicial Custody) में जेल भेज दिया है.

Read more!

सड़क पर धरना, मार्च और मॉल से गिरफ्तारी का पूरा घटनाक्रम

शनिवार को बिहार बंद के समर्थन में तेज प्रताप यादव खुद सड़कों पर उतरे थे. तेज प्रताप समर्थकों और प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ पटना के रामगुलाम चौक पहुंचे और सड़क पर बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. जब वे छात्रों के साथ रामगुलाम चौक से डाक बंगला चौराहे की तरफ बढ़ने लगे, तो एग्जिबिशन रोड के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया और हिरासत में ले लिया.

मॉल से हुई गिरफ्तारी

दोपहर के घटनाक्रम के बाद शाम को तेज प्रताप यादव पटना के एक मॉल में मौजूद थे. वहीं भारी पुलिस बल के साथ पहुंची पटना पुलिस की टीम ने उन्हें आधिकारिक तौर पर गिरफ्तार कर लिया.

 'छात्रों के लिए जान भी कुर्बान'

गिरफ्तारी के दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें तेज प्रताप यादव पुलिस की गाड़ी के दरवाजे से लटकते हुए अपने समर्थकों का हौसला बढ़ाते दिखे. पुलिस गाड़ी के दरवाजे से लटके तेज प्रताप ने इस दौरान कहा कि छात्रों के लिए जान भी कुर्बान है. "हम देश के युवाओं और छात्रों के अधिकारों के लिए कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं. अगर छात्रों के भविष्य की लड़ाई लड़ते हुए मुझे अपनी जान भी देनी पड़े, तो मैं पीछे नहीं हटूंगा."

पूरे राज्य में बंद का मिला-जुला असर

बिहार बंद का असर राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों में देखने को मिला. वामपंथी छात्र संगठनों और विपक्षी कार्यकर्ताओं ने कई जगह उग्र प्रदर्शन किए. पटना में डाक बंगला चौराहे पर पथराव की भी खबरें सामने आईं. राजधानी के प्रमुख डाक बंगला चौराहे पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई, जिसके बाद पथराव की घटना सामने आई. स्थिति नियंत्रित करने के लिए शहर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया.

अन्य जिलों का हाल

पुलिस प्रशासन के मुताबिक बंद का असर मिला-जुला रहा. जहां पटना में प्रदर्शन हिंसक रहा, वहीं नालंदा, नवादा, जहानाबाद और रोहतास जैसे जिलों में जनजीवन पर बंद का असर काफी कम देखने को मिला.

पटना की सुरक्षा कड़ी की गई 

फिलहाल तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी के बाद पटना में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है तथा संवेदनशील चौराहों पर पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है.