बिहार के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत बेढ़ना गांव में एक के बाद एक चार लोगों की संदिग्ध मौत के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. मृतकों की मौत को लेकर ग्रामीणों के बीच जहरीली शराब की आशंका जताई जा रही है. बताया जा रहा है कि शराब पीने के बाद कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ी थी, जिसके बाद उनकी मौत हो गई. हालांकि, अभी तक मौत की असली वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. चार लोगों की मौत की खबर सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है. इसी बीच बिहार सरकार के कृषि मंत्री और पूर्व डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा रविवार को बेढ़ना गांव पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली.
ADVERTISEMENT
मृतकों के परिजनों से मिले विजय सिन्हा
गांव पहुंचने के बाद विजय कुमार सिन्हा ने सबसे पहले मृतकों के परिवारों से मुलाकात की. उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली और मुश्किल की इस घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिया. इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी मंत्री के सामने अपनी समस्याएं और घटना से जुड़ी बातें रखीं. मंत्री ने अधिकारियों से भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. उन्होंने मामले की जांच और अब तक हुई कार्रवाई को लेकर अधिकारियों से सवाल किए.
'मुख्यमंत्री जी से बात करने की कोशिश की...'
इस पूरे मामले के बीच विजय कुमार सिन्हा का एक बयान चर्चा में आ गया है. गांव में लोगों से बातचीत के दौरान मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन संयोगवश बात नहीं हो पा रही है. मंत्री के इस बयान के बाद राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है. सवाल उठ रहा है कि आखिर ऐसी क्या वजह रही कि कृषि मंत्री की मुख्यमंत्री से बातचीत नहीं हो सकी. हालांकि, इस बयान के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं, यह स्पष्ट नहीं है. फिलहाल यह बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
जहरीली शराब की आशंका, जांच के आदेश
बेढ़ना गांव में चार लोगों की संदिग्ध मौत को लेकर ग्रामीणों ने जहरीली शराब की आशंका जताई है. इसी को देखते हुए विजय कुमार सिन्हा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए. मंत्री ने सभी मृतकों का पोस्टमार्टम कराने को कहा है. उनका कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. उन्होंने अधिकारियों को मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए हैं. बाढ़ के एसडीएम को भी पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि अगर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहरीली शराब के कारण मौत की पुष्टि होती है तो मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. दोषियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कड़ी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है. मौत की वजह शराब थी या इसके पीछे कोई और कारण है, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच के बाद ही चल पाएगा. अब प्रशासन की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ-साथ जांच की रिपोर्ट पर है. रिपोर्ट सामने आने के बाद ही बेढ़ना गांव में हुई चार मौतों की असली वजह साफ हो सकेगी.
ADVERTISEMENT


