बिहार में ट्रेन पकड़ने का एक ऐसा जुगाड़ सामने आया है, जिसे देखकर आप भी कहेंगे कि भाई, यहां तो नेटवर्क ही अलग लेवल का है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में रेलवे फाटक बंद है. दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतार लगी है और लोग ट्रेन के गुजरने का इंतजार कर रहे हैं. तभी कुछ ऐसा होता है कि फाटक के पास खड़े लोगों की किस्मत खुल जाती है. वीडियो को बेतिया के कुमारबाग रेलवे फाटक का बताया जा रहा है. हालांकि, वीडियो की लोकेशन और घटना की पूरी स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है.
ADVERTISEMENT
फाटक बंद, लोग परेशान.. तभी निकला ‘फोन वाला जुगाड़’
वीडियो में रेलवे फाटक बंद नजर आ रहा है. दोनों तरफ वाहन खड़े हैं और लोग ट्रेन के निकलने का इंतजार कर रहे हैं. लेकिन फाटक के अंदर रेलवे ट्रैक के पास कुछ लोग बैग लेकर ऐसे खड़े हैं, जैसे ट्रेन पकड़ने के लिए प्लेटफॉर्म नहीं बल्कि शॉर्टकट का इंतजार कर रहे हों. तभी ट्रेन आने की आवाज सुनाई देती है.
इसी दौरान एक शख्स मोबाइल फोन पर किसी से बात करता नजर आता है. कुछ देर बात करने के बाद वह ट्रेन की तरफ हाथ से इशारा करता है. अब वीडियो देखकर लोग सवाल कर रहे हैं कि फोन किसे किया गया था. क्योंकि इसके थोड़ी ही देर बाद ट्रेन फाटक के पास आकर रुकती दिखाई देती है.
ट्रेन रुकी और शुरू हो गया ‘फाटक वाला बोर्डिंग’
बस फिर क्या था. ट्रैक के पास खड़े कुछ लोग अपने बैग उठाते हैं और ट्रेन में चढ़ते दिखाई देते हैं. यानी जहां आम तौर पर लोग फाटक खुलने का इंतजार करते हैं, वहां कुछ लोग ट्रेन रुकने का इंतजार करते नजर आए. वीडियो बनाने वाले ने पूरी घटना कैमरे में कैद कर ली. अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
हालांकि वीडियो में दिख रहे व्यक्ति ने वास्तव में ट्रेन के ड्राइवर से फोन पर बात की थी या नहीं, इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. इसलिए फोन कॉल और ट्रेन के रुकने के बीच सीधा संबंध होने का दावा फिलहाल नहीं किया जा सकता.
अब सवाल ट्रेन से ज्यादा ‘फोन’ पर है
वीडियो सामने आने के बाद रेलवे की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं. सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर रेलवे फाटक के बीच ट्रेन रुकी क्यों. क्या ट्रेन का वहां रुकना पहले से तय था. क्या कोई तकनीकी या परिचालन वजह थी. या फिर वाकई किसी फोन कॉल के बाद ट्रेन को रोका गया. और अगर ट्रेन वहां रुकने वाली थी, तो ट्रैक के पास खड़े लोगों का ट्रेन में चढ़ना नियमों के तहत कैसे हुआ. इन सवालों के जवाब रेलवे की जांच के बाद ही साफ होंगे.
रेल सेवा ने भी लिया संज्ञान
वीडियो को एक्स पर शेयर किए जाने के बाद रेल सेवा की ओर से समस्तीपुर रेलवे डिविजन को टैग करते हुए जवाब दिया गया कि संबंधित अधिकारियों को मामले की जानकारी दी जा रही है. अब जांच के बाद ही पता चलेगा कि वायरल वीडियो में दिख रहा पूरा मामला आखिर क्या है और ट्रेन उस जगह क्यों रुकी थी.
फिलहाल वीडियो देखकर सोशल मीडिया पर लोगों का अंदाज यही है कि ये बिहार है भैया, यहां ट्रेन पकड़ने के लिए प्लेटफॉर्म ही जरूरी नहीं, कभी-कभी फाटक भी काम आ जाता है. हालांकि मजाक अपनी जगह है, लेकिन रेलवे ट्रैक के पास खड़े होकर ट्रेन में चढ़ना बेहद जोखिम भरा हो सकता है. ऐसे मामलों में सुरक्षा नियमों की अनदेखी जानलेवा भी साबित हो सकती है.
ADVERTISEMENT


