बिहार में गजब मामला! चुपके से प्रेमिका से मिलने गया था युवक, गांव वालों ने पकड़कर करा दी शादी!

न्यूज तक डेस्क

• 01:42 PM • 13 Sep 2026

बिहार के बेतिया जिले में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया. मामला बढ़ने पर पंचायत के बीडीसी ने दोनों पक्षों से बातचीत की. युवक-युवती ने शादी की इच्छा जताई. परिवारों की सहमति के बाद भितिहरवा मंदिर में दोनों का विवाह करा दिया गया. शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

bihar
bihar
Google CTA

बिहार के बेतिया जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसकी चर्चा इलाके में हो रही है. गौनाहा प्रखंड के भितिहरवा में एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था. इसी दौरान ग्रामीणों को इसकी जानकारी हो गई और उन्होंने युवक को पकड़ लिया.

Read more!

मामला सामने आने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई. बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान युवक और युवती ने अपनी मर्जी से शादी करने की इच्छा जताई. इसके बाद परिवारों की सहमति से दोनों का विवाह भितिहरवा मंदिर में करा दिया गया.

प्रेमिका से मिलने पहुंचा था युवक

जानकारी के अनुसार श्रीरामपुर निवासी विजय फौजदार अपनी प्रेमिका सुमन कुमारी से मिलने भितिहरवा पहुंचे थे. इसी दौरान ग्रामीणों को उनके वहां आने की जानकारी मिल गई. लोगों ने युवक को पकड़ लिया और देखते ही देखते वहां काफी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए.

मामले की जानकारी मिलने पर भितिहरवा पंचायत के बीडीसी नंदकिशोर चौरसिया भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत की. इस दौरान युवक और युवती ने कथित तौर पर एक-दूसरे से शादी करने की इच्छा जाहिर की.

दोनों परिवारों की सहमति से मंदिर में शादी

बातचीत के बाद दोनों परिवारों की सहमति बनी. इसके बाद भितिहरवा मंदिर में युवक और युवती का विवाह करा दिया गया. इस तरह प्रेमिका से मिलने के लिए पहुंचे युवक की मुलाकात का अंत शादी के साथ हुआ.

शादी के बाद इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. हालांकि, वायरल वीडियो और इससे जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

बताया जा रहा है कि बिहार में इस तरह का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी कुछ मामलों में ग्रामीणों द्वारा प्रेमी जोड़ों को पकड़े जाने के बाद उनकी शादी कराने की खबरें सामने आती रही हैं.