Bihar BJP: कौन हैं हरीश द्विवेदी? BJP ने बिहार का प्रभारी बनाकर क्यों बढ़ाई जिम्मेदारी?

ऋचा शर्मा

• 02:57 PM • 24 Sep 2026

बीजेपी ने हरीश द्विवेदी को बिहार बीजेपी का नया प्रभारी बनाया है. उनके साथ संगीता यादव और रोहन गुप्ता को सह प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है. जानिए ABVP से शुरू हुआ हरीश द्विवेदी का राजनीतिक सफर, दो बार सांसद बनने से लेकर राष्ट्रीय महासचिव और अब बिहार प्रभारी बनने तक की पूरी कहानी.

NewsTak
Google CTA

भारतीय जनता पार्टी ने बिहार में संगठनात्मक बदलाव करते हुए हरीश द्विवेदी को बिहार बीजेपी का नया प्रभारी बनाया है. पार्टी ने उनके साथ संगीता यादव और रोहन गुप्ता को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी है. हरीश द्विवेदी इससे पहले असम बीजेपी के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और फिलहाल बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव भी हैं.

Read more!

बिहार की जिम्मेदारी मिलने के साथ ही हरीश द्विवेदी के राजनीतिक सफर की चर्चा भी शुरू हो गई है. आखिर कौन हैं हरीश द्विवेदी और बीजेपी में उनका कद लगातार कैसे बढ़ता गया?

ABVP से शुरू हुआ राजनीतिक सफर

हरीश द्विवेदी ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत छात्र राजनीति से की. साल 1991 में वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद यानी ABVP से जुड़े. संगठन में काम करते हुए उन्होंने अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालीं और इसके बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा में सक्रिय हुए.

1993 से 1995 तक वह बस्ती के जिला प्रमुख रहे. इसके बाद भाजयुमो में प्रदेश सह मंत्री, प्रदेश उपाध्यक्ष और फिर 2010 से 2013 तक उत्तर प्रदेश भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली. यानी हरीश द्विवेदी का राजनीतिक सफर सीधे चुनावी राजनीति से नहीं, बल्कि संगठन के जरिए आगे बढ़ा.

2012 में चुनाव हारे, 2014 में बने सांसद

हरीश द्विवेदी ने 2012 में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा. उन्होंने बस्ती सदर सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें बस्ती से टिकट दिया. इस चुनाव में उन्होंने जीत दर्ज की और पहली बार लोकसभा पहुंचे. 2019 के लोकसभा चुनाव में भी पार्टी ने उन पर भरोसा जताया और उन्होंने बस्ती सीट से लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की. हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें बस्ती सीट से हार मिली. इसके बावजूद बीजेपी संगठन में उनकी भूमिका लगातार बनी रही.

सांसद के बाद संगठन में बढ़ती गई जिम्मेदारी

लोकसभा चुनाव में हार के बाद भी हरीश द्विवेदी की बीजेपी संगठन में सक्रियता कम नहीं हुई. उन्हें पार्टी में राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारियां मिलती रहीं. वह बिहार बीजेपी के सह प्रभारी भी रह चुके हैं और बाद में उन्हें असम बीजेपी का प्रभारी बनाया गया.

अगस्त 2026 में बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया. इसके बाद उन्हें बीजेपी युवा मोर्चा की जिम्मेदारी भी दी गई. राजस्थान के स्थानीय निकाय चुनाव में भी पार्टी ने उन्हें प्रभारी बनाया था. अब बीजेपी ने उन्हें बिहार का प्रभारी बनाकर एक बार फिर बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है.

संगीता यादव और रोहन गुप्ता बने सह प्रभारी

बीजेपी ने बिहार के लिए सिर्फ प्रभारी की नियुक्ति नहीं की है, बल्कि दो सह प्रभारी भी बनाए हैं. संगीता यादव और रोहन गुप्ता अब बिहार में हरीश द्विवेदी के साथ संगठन का काम देखेंगे.

इस नई टीम के जरिए बीजेपी बिहार में अपने संगठन को और मजबूत करने की दिशा में काम करेगी. हरीश द्विवेदी के पास संगठन में लंबे समय तक काम करने और अलग-अलग राज्यों में पार्टी की जिम्मेदारी संभालने का अनुभव है.

पूर्वांचल से बिहार तक हरीश द्विवेदी की भूमिका

हरीश द्विवेदी उत्तर प्रदेश के बस्ती से आते हैं. छात्र संगठन से लेकर भाजयुमो और फिर लोकसभा तक का उनका सफर रहा है. दो बार सांसद रहने के अलावा उन्होंने पार्टी संगठन में भी कई जिम्मेदारियां संभाली हैं.

अब बिहार बीजेपी प्रभारी के तौर पर उनके सामने पार्टी के संगठन को संभालने की जिम्मेदारी होगी. ऐसे में उनकी नई भूमिका को सिर्फ एक नियुक्ति के तौर पर नहीं, बल्कि बीजेपी में उनके लगातार बढ़ते संगठनात्मक कद के तौर पर भी देखा जा रहा है.