बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) द्वारा मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं. इस बार की टॉपर्स लिस्ट में समस्तीपुर की ज्योति कुमारी ने अपनी मेधा का लोहा मनवाते हुए पूरे राज्य में चौथा स्थान (Rank 4) प्राप्त किया है. एक छोटे से गांव से निकलकर राज्य स्तर पर पहचान बनाने वाली ज्योति की इस सफलता से पूरे जिले में खुशी की लहर है.
ADVERTISEMENT
अभावों के बीच सफलता की कहानी
ज्योति कुमारी विभूतिपुर प्रखंड के जेपीएनएस उच्च विद्यालय की छात्रा हैं. ज्योति के पिता एक गरीब किसान हैं और परिवार के भरण-पोषण के लिए गांव में ही नाश्ते की एक छोटी सी दुकान चलाते हैं. सीमित संसाधनों और आर्थिक तंगी के बावजूद ज्योति ने हार नहीं मानी और अपनी मेहनत के दम पर बिहार के टॉप 10 मेधावियों में अपनी जगह बनाई.
क्या है ज्योति की सफलता का मूलमंत्र?
सफलता के बाद अपनी खुशी साझा करते हुए ज्योति कुमारी ने बताया कि वह प्रतिदिन 5 से 6 घंटे पढ़ाई करती थीं. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है. ज्योति ने अन्य छात्रों के लिए संदेश देते हुए कहा, "पढ़ाई में निरंतरता और रिवीजन (दोहराव) सबसे महत्वपूर्ण है. आप जो भी पढ़ें, उसे सही ढंग से पढ़ें और जितना हो सके उसका रिवीजन करें."
माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू
ज्योति की इस उपलब्धि पर उनकी मां रिंकू देवी और पिता बेहद भावुक नजर आए. मां ने बताया कि ज्योति बचपन से ही मेधावी रही है और उसने हमेशा प्रथम श्रेणी में ही परीक्षाएं पास की हैं. कोचिंग संस्थान के शिक्षकों को भी पहले से भरोसा था कि ज्योति टॉपर लिस्ट में जरूर जगह बनाएगी. आज जब नतीजे सामने आए, तो पूरे गांव में जश्न का माहौल है.
ये भी पढ़ें: Bihar Board 10th Topper Story: टूटे मकान और गरीबी की बेड़ियों को काट बिहार टॉपर बनी नासरीन, भावुक कर देगी यह कहानी
ADVERTISEMENT


