Bihar Politics: क्या फिर 'पलटी' मारेंगे नीतीश कुमार? C-Voter पोल में सामने आई चौंकाने वाली राय

C-Voter Snap Poll Bihar: बिहार की राजनीति को लेकर किए गए ताजा C-Voter Snap Poll में कई दिलचस्प संकेत सामने आए हैं. सर्वे में लोगों से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने, बीजेपी की भूमिका, संभावित गठबंधन और भविष्य की राजनीति को लेकर सवाल पूछे गए. सर्वे के नतीजे बताते हैं कि बिहार की जनता के बीच इन मुद्दों पर अलग-अलग राय है.

Nitish Kumar
Nitish Kumar

न्यूज तक डेस्क

follow google news

 C-Voter Snap Poll Bihar: बिहार की राजनीति में इन दिनों जबरदस्त हलचल है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और भाजपा के बढ़ते प्रभाव के बीच C-Voter का एक ताजा स्नैप पोल सामने आया है. सर्वे के नतीजे बताते हैं कि बिहार की जनता के बीच इन मुद्दों पर अलग-अलग राय है और राजनीति में बदलाव की संभावना को लेकर भी चर्चा तेज है. 

Read more!

इस स्नैप पोल के लिए 6 मार्च 2026 को बिहार के अलग-अलग हिस्सों में करीब 1360 लोगों से बातचीत की गई. सर्वे में ±5% मार्जिन ऑफ एरर रखा गया है. 

सर्वे के क्या-क्या सवाल पूछे गए?

  • नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की वजह क्या मानती है जनता?
  • क्या BJP अपने मुख्यमंत्री के साथ बिहार बेहतर चला सकती है?
  • BJP में मुख्यमंत्री पद के लिए किसे पसंद कर रही है जनता?
  • क्या JDU फिर से INDIA गठबंधन के साथ जा सकती है?
  • क्या BJP बढ़ती है तो उसके सहयोगी कमजोर होते हैं?
  • क्या JDU का BJP में विलय संभव है?
  • क्या नीतीश कुमार BJP के बिना राजनीति में टिक पाएंगे?

नीतीश के राज्यसभा जाने को लेकर क्या सोचती है जनता?

सर्वे में लोगों से पूछा गया कि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की सबसे बड़ी वजह क्या हो सकती है. लगभग 51.2% लोगों का मानना है कि बीजेपी बिहार में अपना मुख्यमंत्री चाहती है, इसलिए यह कदम उठाया जा रहा है. वहीं 23.3% लोगों ने इसे उम्र और स्वास्थ्य से जुड़ा फैसला माना, जबकि कुछ लोगों ने अन्य कारण बताए. 

क्या BJP अपने मुख्यमंत्री के साथ बिहार बेहतर चला सकती है?

सर्वे में यह भी पूछा गया कि अगर बीजेपी का अपना मुख्यमंत्री हो तो क्या वह बिहार को नीतीश कुमार से बेहतर चला सकती है. इस सवाल पर 53.4% लोगों ने कहा कि नहीं कहा, जबकि 30.7% लोगों ने माना कि बीजेपी अपने मुख्यमंत्री के साथ बेहतर शासन दे सकती है. बाकी लोगों ने इस पर स्पष्ट राय नहीं दी. 

बीजेपी में मुख्यमंत्री पद के लिए किसे पसंद कर रही है जनता?

बीजेपी की ओर से मुख्यमंत्री पद के संभावित चेहरे को लेकर भी लोगों से राय ली गई. सर्वे में सम्राट चौधरी सबसे आगे दिखाई दिए, जिन्हें करीब 26.2% लोगों ने पसंद किया. इसके बाद नित्यानंद राय को 14.6% लोगों का समर्थन मिला. इसके अलावा राजीव प्रताप रूडी, नितिन नवीन और प्रेम कुमार को सीमित समर्थन मिला. हालांकि बड़ी संख्या में लोगों ने इस सवाल पर कोई स्पष्ट नाम नहीं बताया. 

क्या JDU फिर से INDIA गठबंधन के साथ जा सकती है?

सर्वे के मुताबिक बिहार की राजनीति में गठबंधन बदलने की संभावना को लेकर भी लोगों की राय बंटी हुई है. करीब 36.5% लोगों का मानना है कि जेडीयू दोबारा INDIA गठबंधन के साथ जा सकती है. वहीं 23.5% लोगों ने इसे संभव नहीं माना, जबकि लगभग 40% लोग इस सवाल पर अनिश्चित रहे. 

क्या BJP के मजबूत होने से सहयोगी दल कमजोर होते हैं?

सर्वे के एक सवाल में पूछा गया कि क्या बीजेपी के बढ़ने से उसके सहयोगी दल कमजोर हो जाते हैं. इस पर करीब 59.9% लोगों ने सहमति जताई, जबकि 14.6% लोगों ने इससे असहमति जताई. बाकी लोगों ने इस पर स्पष्ट राय नहीं दी. 

नीतीश कुमार के फैसले से JDU की ताकत पर क्या असर पड़ेगा?

सर्वे के अनुसार 60.1% लोगों का मानना है कि अगर नीतीश कुमार कोई बड़ा राजनीतिक फैसला लेते हैं तो जेडीयू की राजनीतिक ताकत कमजोर हो सकती है. वहीं 22.4% लोगों का मानना है कि इससे पार्टी मजबूत भी हो सकती है. 

क्या JDU का BJP में विलय संभव है?

राजनीतिक समीकरणों को लेकर लोगों से यह भी पूछा गया कि क्या जेडीयू का बीजेपी में विलय संभव है. इस सवाल पर 36.4% लोगों ने इसे बहुत संभव बताया, जबकि 18.2% लोगों ने कहा कि इसकी कुछ संभावना हो सकती है. वहीं 23.1% लोगों ने इसे बिल्कुल संभव नहीं माना. 

क्या नीतीश कुमार BJP के बिना राजनीति में टिक पाएंगे?

सर्वे के अनुसार अगर चुनाव आज हो जाएं तो 42.7% लोगों का मानना है कि नीतीश कुमार बीजेपी के बिना राजनीतिक रूप से टिक नहीं पाएंगे. वहीं 35.4% लोगों ने कहा कि वह बीजेपी के बिना भी राजनीति में टिक सकते हैं, जबकि बाकी लोग इस सवाल पर अनिश्चित रहे. 

    follow google news