बिहार में जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. राज्य सरकार ने जनगणना के संचालन का कार्यक्रम जारी कर दिया है. इसके मुताबिक, बिहार में 25 जनवरी 2027 से जनसंख्या की गणना का काम शुरू होगा, जो 28 फरवरी 2027 तक चलेगा. इस दौरान सरकारी कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों की संख्या और जनसंख्या से जुड़ी जरूरी जानकारियां जुटाएंगे. इस कार्यक्रम की जानकारी राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए दी.
ADVERTISEMENT
25 जनवरी से 28 फरवरी तक चलेगी जनगणना
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने बताया कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय और भारत के महा रजिस्ट्रार कार्यालय, नई दिल्ली की अधिसूचना के आलोक में बिहार में जनगणना की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 25 जनवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना की जाएगी. इस अवधि में गणनाकर्मी निर्धारित प्रक्रिया के तहत परिवारों और उनसे जुड़ी जानकारियां एकत्र करेंगे.
10 जनवरी से मिलेगा स्वगणना का विकल्प
इस बार जनगणना की प्रक्रिया में नागरिकों को स्वगणना यानी सेल्फ इन्यूमरेशन (Self Enumeration) का विकल्प भी दिया जाएगा. इसके तहत लोग घर-घर जाकर गणना शुरू होने से पहले खुद अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे. स्वगणना की प्रक्रिया 10 जनवरी 2027 से शुरू होकर 24 जनवरी 2027 तक चलेगी. यानी नागरिकों को करीब 15 दिनों का समय मिलेगा, जिसमें वे निर्धारित व्यवस्था के तहत अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे.
1 से 5 मार्च तक आंकड़ों का होगा पुनरीक्षण
जनगणना के नियमित कार्य के पूरा होने के बाद आंकड़ों की समीक्षा और पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू होगी. इसके लिए 1 मार्च 2027 से 5 मार्च 2027 तक का समय निर्धारित किया गया है. इस दौरान गणना के तहत जुटाए गए आंकड़ों की जांच की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उनमें आवश्यक सुधार किया जाएगा. इसका उद्देश्य जनगणना के आंकड़ों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार व्यवस्थित और दुरुस्त करना है.
1 मार्च 2027 को माना जाएगा संदर्भ दिवस
बिहार जनगणना 2027 के लिए 1 मार्च 2027 को संदर्भ दिवस (Reference Date) निर्धारित किया गया है. जनगणना के आंकड़ों के संकलन में इस तारीख को आधार माना जाएगा. इसके लिए स्वगणना, घर-घर जाकर गणना और आंकड़ों के पुनरीक्षण की अलग-अलग समय सीमाएं तय की गई हैं. विभाग की ओर से सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरा करने की तैयारी की जा रही है.
विकास योजनाओं के लिए भी महत्वपूर्ण होंगे जनगणना के आंकड़े
जनगणना सिर्फ राज्य की आबादी गिनने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इसके आंकड़े विकास योजनाओं के निर्माण और उनके क्रियान्वयन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. इससे बिहार की कुल आबादी और जनसंख्या से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी मिलेगी. इन आंकड़ों के आधार पर सरकार को विकास योजनाओं की प्राथमिकताएं तय करने, बुनियादी सुविधाओं की जरूरत समझने और संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करने में मदद मिलेगी. ऐसे में तय समय सीमा के भीतर जनगणना की पूरी प्रक्रिया संपन्न कराना राज्य सरकार के लिए अहम होगा.
ADVERTISEMENT


