बिहार: नोटों के ढ़ेर पर बैठे भ्रष्ट इंजीनियर के घर EOU की छापेमारी, पटना और जमुई समेत 4 ठिकानों पर रेड

बिहार के जमुई में तैनात ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के 4 ठिकानों पर ईओयू (EOU) ने छापेमारी की है.

बिहार में भ्रष्ट इंजीनियर के घर छापेमारी
बिहार में भ्रष्ट इंजीनियर के घर छापेमारी

राकेश कुमार सिंह

follow google news

बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ नीतीश सरकार का जीरो टॉलरेंस अभियान लगातार जारी है. इसी कड़ी में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम ने शनिवार सुबह जमुई के झाझा में तैनात ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता (Executive Engineer) गोपाल कुमार के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की. पटना और जमुई सहित कुल चार ठिकानों पर एक साथ की गई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में नगद और जेवरात बरामद किए गए हैं, जिसके बाद आरोपी इंजीनियर को हिरासत में ले लिया गया है.

Read more!

इन 4 ठिकानों पर एक साथ पड़ी रेड

आर्थिक अपराध इकाई की अलग-अलग टीमों ने कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के ठिकानों को एक साथ खंगाला. जिन जगहों पर छापेमारी की गई है, उनमें शामिल हैं:

  • पटना के मजिस्ट्रेट कॉलोनी (ज्योतिपुरम) स्थित जगत विला अपार्टमेंट का फ्लैट.
  • पटना के कंकरबाग (पूर्वी इंदिरा नगर, रोड नंबर 4) स्थित मकान.
  • जमुई में केएम कॉलेज के समीप स्थित किराए का आवास.
  • जमुई के झाझा में स्थित कार्यपालक अभियंता का कार्यालय.

आय से 81% से अधिक की अकूत संपत्ति

ईओयू (EOU) की प्रारंभिक जांच के अनुसार, थाना कांड संख्या 8/26 के तहत आरोपी गोपाल कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है. सत्यापन के दौरान इंजीनियर के पास 1 करोड़ 61 हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति होने के प्राथमिक साक्ष्य मिले हैं, जो उनकी ज्ञात कानूनी आय से लगभग 81.5% अधिक है.

नोटों की गिनती जारी, क्रेटा गाड़ी भी जब्त

शनिवार सुबह करीब 7:00 बजे से शुरू हुई इस छापेमारी में नोटों के बंडल देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए. अब तक की मिली जानकारी के मुताबिक, जमुई स्थित आवास से बरामद नकदी में से 8,39,000 रुपये की गिनती पूरी की जा चुकी है, जबकि आगे की जांच और गिनती अभी जारी है. इसके अलावा ईओयू की टीम ने मौके से एक चार पहिया वाहन (हुंडई क्रेटा) को भी जब्त किया है.

कार्यपालक अभियंता गिरफ्तार

छापेमारी के दौरान मिले पुख्ता सबूतों के आधार पर आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. ईओयू के अधिकारियों का कहना है कि पूरी सर्च ऑपरेशन खत्म होने के बाद आधिकारिक तौर पर विस्तृत बयान जारी कर बरामद कुल संपत्ति का खुलासा किया जाएगा.

 

    follow google news