Bihar के वित्त रहित स्कूल-कॉलेजों के लिए CM Samrat का बड़ा ऐलान, भुगतान के लिए ₹461 करोड़ का अनुदान जारी

आशीष अभिनव

• 02:05 PM • 19 Sep 2026

Bihar के वित्त रहित विद्यालय-महाविद्यालयों के शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मियों के लिए ₹461 करोड़ का सहायक अनुदान जारी किया गया है. सीएम सम्राट ने खुद इसका ऐलान किया.

Bihar Teacher News
Bihar Teacher News
Google CTA

बिहार के वित्त रहित विद्यालय एवं महाविद्यालयों में काम करने वाले शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मियों के लिए राहत की खबर है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जानकारी दी है कि शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों के भुगतान के लिए अनुदानित विद्यालयों और महाविद्यालयों को कुल 461 करोड़ रुपये का सहायक अनुदान निर्गत किया गया है. मुख्यमंत्री ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर जानकारी दी. अनुदान जारी होने के बाद संबंधित शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों और कर्मचारियों के भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है.

Read more!

461 करोड़ रुपये का सहायक अनुदान जारी

सरकार की ओर से अनुदानित विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के लिए ₹461 करोड़ का सहायक अनुदान जारी किया गया है. यह राशि मुख्य रूप से शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मियों के भुगतान के लिए निर्धारित की गई है. वित्तीय सहायता और भुगतान से जुड़े मुद्दों का सामना कर रहे संबंधित संस्थानों के लिए इस राशि के जारी होने को महत्वपूर्ण कदम बताया जा रहा है. इससे शिक्षकों और कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है.  मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस मुद्दे पर पहले भी संकेत दिया था. अब उन्होंने खुद अनुदान जारी किए जाने की जानकारी साझा की है.


शिक्षक नेता शत्रुघ्न प्रसाद सिंह ने जताई खुशी

इस फैसले पर बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के महासचिव और पूर्व सांसद शत्रुघ्न प्रसाद सिंह ने भी खुशी जताई. उन्होंने कहा कि वित्त रहित विद्यालयों और महाविद्यालयों के कई शिक्षक गंभीर आर्थिक स्थिति में रह रहे थे और उनके लिए राशि जारी करने का फैसला स्वागत योग्य है. हालांकि, उन्होंने मुख्यमंत्री से वित्त रहित विद्यालयों और महाविद्यालयों के शिक्षकों के वेतनमान को लेकर भी मांग रखी. उनके मुताबिक, आंतरिक स्रोतों और सरकारी अनुदान को मिलाकर जो वेतनमान निर्धारित किया जाए, वह किसी वेतन आयोग के सिद्धांत पर आधारित होना चाहिए.

एमएलसी चुनाव के बीच फैसला

खबर ऐसे समय सामने आई है जब बिहार में एमएलसी चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां जारी हैं. ऐसे में वित्त रहित विद्यालयों और महाविद्यालयों के लिए 461 करोड़ रुपये के अनुदान का ऐलान शिक्षक समुदाय के लिए महत्वपूर्ण घटनाक्रम है.