खुद खाना परोसा… फिर बाढ़ पीड़ितों के साथ बैठकर खाया, CM सम्राट का ये अंदाज बना चर्चा का विषय

ऋचा शर्मा

07 Sep 2026 (अपडेटेड: Sep 7 2026 1:34 PM)

बिहार में बाढ़ के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वैशाली के सोनपुर स्थित राहत शिविर पहुंचे. मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर राहत व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान सीएम ने सामुदायिक किचन में अपने हाथों से बाढ़ पीड़ितों को खाना परोसा और उनके साथ बैठकर भोजन भी किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत और बचाव कार्य के साथ बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान पर भी सरकार काम कर रही है.

NewsTak
Google CTA

बिहार में बाढ़ के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोमवार को ग्राउंड जीरो पर पहुंचे. वैशाली के सोनपुर में मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए बनाए गए राहत शिविर का निरीक्षण किया और वहां चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया. इस दौरान मुख्यमंत्री का एक अलग अंदाज भी देखने को मिला. राहत शिविर में व्यवस्थाओं का जायजा लेते-लेते सीएम अचानक सामुदायिक किचन पहुंच गए और खुद अपने हाथों से बाढ़ पीड़ितों को खाना परोसने लगे.इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों के बीच बैठकर खुद भी खाना खाया. मुख्यमंत्री के इस अंदाज की राहत शिविर में मौजूद लोगों के बीच चर्चा रही.

Read more!

सामुदायिक किचन में खुद संभाली कमान

सोनपुर के राहत शिविर में मुख्यमंत्री ने सबसे पहले लोगों के रहने, खाने और दूसरी जरूरी सुविधाओं की जानकारी ली. इसके बाद वह सामुदायिक किचन पहुंचे.यहां मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से भोजन व्यवस्था की जानकारी लेने के बाद खुद बाढ़ पीड़ितों को खाना परोसा. उन्होंने लोगों की थाली में भोजन दिया और उन्हें खाना खिलाया. इसके बाद सीएम ने बाढ़ पीड़ितों के साथ बैठकर भोजन किया.

मुख्यमंत्री का यह दौरा सिर्फ अधिकारियों से रिपोर्ट लेने तक सीमित नहीं रहा. उन्होंने राहत शिविर में मौजूद लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं और पूछा कि उन्हें भोजन, रहने या दूसरी जरूरी सुविधाओं को लेकर किसी तरह की परेशानी तो नहीं हो रही है.

बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होने देंगे- सीएम सम्राट

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मीडिया से बातचीत की. उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार के साथ सभी लोगों का सहयोग मिल रहा है और सरकार बाढ़ पीड़ितों की हर संभव मदद कर रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों के रहने और भोजन की व्यवस्था के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था भी प्रशासन की ओर से की जा रही है. सरकार की कोशिश है कि बाढ़ की वजह से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो.

अगले 24 घंटे में हालात सुधरने की उम्मीद

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि अगले 24 घंटे में बाढ़ की स्थिति में और सुधार होने की उम्मीद है. उनके मुताबिक, नदी का जलस्तर तेजी से नीचे जा रहा है. हालांकि, प्रशासन लगातार नदी के जलस्तर और बाढ़ प्रभावित इलाकों पर नजर बनाए हुए है. राहत और बचाव अभियान भी जारी है.

बाढ़ के स्थायी समाधान की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल तत्काल राहत पहुंचाने तक सीमित नहीं रहना चाहती. बिहार में हर साल आने वाली बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में भी काम किया जा रहा है. सीएम के मुताबिक, इस मुद्दे को लेकर सेंट्रल वाटर कमीशन से बातचीत हुई है. ऐसी योजना तैयार करने पर काम चल रहा है, जिससे गंगा के पानी को नियंत्रित किया जा सके और हर साल बाढ़ की मार झेलने वाले लोगों को स्थायी राहत मिल सके.

 प्रशासनिक अमला भी रहा मौजूद

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सोनपुर दौरे के दौरान जल संसाधन मंत्री के अलावा वैशाली की डीएम, एसपी और पूरा प्रशासनिक अमला मौजूद रहा. प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को बाढ़ की स्थिति और राहत-बचाव कार्यों की जानकारी दी गई.

फिलहाल बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रशासन की नजर नदी के जलस्तर पर बनी हुई है. सरकार का दावा है कि राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है. वहीं, सोनपुर के राहत शिविर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का **बाढ़ पीड़ितों को अपने हाथों से खाना परोसना और उनके साथ बैठकर भोजन करना इस दौरे की खास तस्वीर बन गई.