बिहार के गोपालगंज जिले में शुक्रवार को एक ऐसा मामला सामने आया जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. महम्मदपुर बाजार में एक युवती अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई. देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, सिधवलिया थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती की पहचान महम्मदपुर थाना क्षेत्र के परसौनी गांव के युवक राजू से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. बातचीत धीरे-धीरे गहरी हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया. दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें भी खाईं.
शादी से इनकार बना विवाद की वजह
कुछ समय बाद युवती ने युवक पर शादी का दबाव बनाना शुरू किया. लेकिन युवक ने शादी से साफ इनकार कर दिया. इसी बीच युवती के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी. बताया जा रहा है कि युवक ने उस शादी को भी रुकवा दिया, जिससे मामला और बिगड़ गया.
गुस्से में टावर पर चढ़ गई युवती
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार दोपहर को युवती ने प्रेमी को महम्मदपुर मोड़ पर मिलने बुलाया लेकिन प्रेमी जब नहीं पहुंचा तो उसने फोन किया. लेकिन फोन नहीं लगा. जब युवती को पता चला कि प्रेमी ने मोबाइल नंबर भी बदल लिए तो वह आहत हो गई और वह मरने के लिए टावर पर चढ़ गई.
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही महम्मदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत और समझाइश के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया. इसके बाद उसे थाना लाया गया, जहां उससे पूछताछ की गई. परिजनों को भी सूचना देकर मौके पर बुलाया गया.
घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा रही. कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाते रहे जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है.
पुलिस का बयान
गोपालगंज पुलिस ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है.
ADVERTISEMENT


