चोरी के डर से सुरक्षा के कई इंतजाम आपने देखे होंगे—कोई मजबूत ताला लगाता है, तो कोई जीपीएस (GPS) और सुरक्षा कैमरे लगवाता है. लेकिन बिहार के गोपालगंज में सुरक्षा का एक ऐसा गजब और अनोखा तरीका सामने आया है, जिसे देखकर इलाकाई लोग ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया के यूजर्स भी हैरान रह गए हैं. यहां एक परिवार ने अपनी नई-नवेली महिंद्रा स्कॉर्पियो (Scorpio Classic) को चोरी होने से बचाने के लिए उसे सीधे दो मंजिला मकान की छत पर ही पार्क करवा दिया. अब आप सोच रहे होंगे कि कार आखिर छत पर पहुंची कैसे? तो जवाब है—एक विशालकाय क्रेन की मदद से!
ADVERTISEMENT
ड्राइवर के विदेश जाते ही सताने लगा चोरी का डर
हैरान कर देने वाला यह मामला गोपालगंज जिले के मांझा थाना क्षेत्र स्थित मीरा टोला गांव का है. गांव के निवासी मनोज यादव फिलहाल इजरायल में नौकरी करते हैं. उन्होंने हाल ही में अपने परिवार के लिए एक नई महिंद्रा स्कॉर्पियो खरीदी थी. विदेश में रहने की वजह से घर पर सिर्फ उनकी पत्नी रहती हैं. गाड़ी की देखरेख और उसे चलाने के लिए परिवार ने एक ड्राइवर रखा हुआ था. लेकिन हाल ही में वह ड्राइवर भी काम के सिलसिले में विदेश चला गया. इसके बाद घर में कोई पुरुष सदस्य न होने के कारण परिवार को लाखों की नई गाड़ी की सुरक्षा की चिंता सताने लगी. उन्हें डर था कि घर के बाहर खाली जगह में खड़ी रहने पर कहीं बदमाश गाड़ी पर हाथ न साफ कर दें.
हवा में लटकी भारी-भरकम SUV, देखने जुटी भारी भीड़
चोरी के इस डर का हल निकालने के लिए परिवार ने जो तरीका अपनाया, उसकी उम्मीद किसी ने नहीं की थी. परिवार ने एक भारी-भरकम क्रेन मंगवाई. इसके बाद बेल्ट की मदद से भारी SUV को बांधा गया और क्रेन ने गाड़ी को जमीन से उठाकर सीधे हवा में लहराते हुए मकान की दूसरी मंजिल की छत पर पहुंचा दिया. क्रेन ऑपरेटर ने बड़ी ही सावधानी के साथ चमचमाती स्कॉर्पियो को छत की फर्श पर उतार दिया. जमीन से गाड़ी के उड़कर छत पर पहुंचने का यह हैरान कर देने वाला नजारा देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों का भारी हुजूम जमा हो गया.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ 'छत वाली कार' का वीडियो
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. नेटिज़न्स इस घटना पर मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोग इसे बिहार का अल्टीमेट सुरक्षा जुगाड़ बता रहे हैं, तो वहीं कई लोग इस बात को लेकर चिंता जाहिर कर रहे हैं कि क्या दो मंजिला मकान की छत इतनी भारी कार (लगभग 1800 से 2000 किलोग्राम वजन) का भार उठाने में सक्षम है या नहीं? फिलहाल, सुरक्षा का यह अजीबोगरीब तरीका पूरे इलाके में कौतूहल और चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इस 'छत वाली स्कॉर्पियो' को देखने दूर-दूर से पहुंच रहे हैं.
चेहरा मॉडल जैसा... काम गैरकानूनी! समस्तीपुर स्टेशन पर नेहा के दो सूटकेस खुले तो चौंक गई पुलिस
ADVERTISEMENT


