सीएम सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली बिहार सरकार ने सोमवार देर रात को कई भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना का आदेश जारी किया. इस फेरबदल में अपर मुख्य सचिव से लेकर जिलाधिकारियों तक शामिल हैं. कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है.
ADVERTISEMENT
12 से ज्यादा वरिष्ठ IAS अधिकारियों का तबादला
बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने एक बड़ी प्रशासनिक अधिसूचना जारी करते हुए 12 से ज्यादा वरिष्ठ IAS अधिकारियों का तबादला और पदस्थापना किया है. यह आदेश 17 अगस्त को जारी हुआ है और इसमें कई विभागों के प्रधान सचिव, सचिव और जिलाधिकारी स्तर के अधिकारी शामिल हैं. पटना कमिश्नर का पद भी बदला गया है और पांच नए जिलाधिकारियों की तैनाती की गई है.
नए डीएम की तैनाती
- भोजपुर (आरा)- मनेश कुमार मीणा
- बेगूसराय- रिची पांडेय
- सीवान- विजय प्रकाश मीणा
- सीतामढ़ी- तनय सुल्तानिया
- कैमूर- कुमार अनुराग
अन्य प्रशासनिक बदलाव
- पंकज कुमार- गृह विभाग के नए प्रधान सचिव बने
- राजेश कुमार- पटना प्रमंडल के नए आयुक्त (कमिश्नर) नियुक्त किए गए
- विनय कुमार- वित्त विभाग के नए प्रधान सचिव बने
इन्हें भी मिली जिम्मेदारी
अपर मुख्य सचिव स्तर पर एच.आर. श्रीनिवास को समाज कल्याण विभाग से हटाकर ग्रामीण विकास विभाग भेजा गया है. प्रधान सचिव पंकज कुमार को ग्रामीण विकास से गृह विभाग भेजा गया, जिसके बाद कुन्दन कुमार गृह विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो गए. विनय कुमार को नगर विकास विभाग से वित्त विभाग भेजा गया है, हालांकि वे नगर विकास का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे. राजेश कुमार को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग से पटना प्रमण्डल का आयुक्त बनाया गया है, जबकि मयंक वरवड़े पटना कमिश्नर पद से हटकर प्रधान सचिव, निगरानी विभाग बने हैं. सचिव संजय कुमार सिंह को वित्त विभाग से मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग भेजा गया, जिससे नवीन कुमार उस विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो गए. विनोद सिंह गुजियाल शिक्षा विभाग का पूर्ण प्रभार छोड़कर अब समाज कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे. बी. कार्तिकेय धनजी लघु जल संसाधन विभाग से लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग भेजे गए हैं. राजीव रौशन उच्च शिक्षा विभाग से शिक्षा विभाग के सचिव बनाए गए हैं. यह आदेश बिहार के राज्यपाल के निर्देश पर अवर सचिव सिद्धेश्वर चौधरी के हस्ताक्षर से जारी हुआ है.
ADVERTISEMENT


