इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL के मंच पर क्या आने वाले समय में चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स की तरह बिहार की भी अपनी एक बेमिसाल टीम होगी? यह सवाल देश के मशहूर उद्योगपति और वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने उठाया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए बिहार के क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर और टैलेंट को लेकर एक बड़ा विजन सामने रखा है. अनिल अग्रवाल के इस कदम के बाद बिहार के क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है.
ADVERTISEMENT
बिहार की मिट्टी के लाल मचा रहे हैं धमाल
अनिल अग्रवाल ने अपनी पोस्ट में इस बात को लिखा है कि बिहार की मिट्टी ने देश को कई बेहतरीन और प्रतिभावान क्रिकेट खिलाड़ी दिए हैं. उन्होंने कुछ प्रमुख नामों का विशेष रूप से जिक्र किया, जिन्होंने क्रिकेट जगत में अपनी एक अलग पहचान बनाई है. अग्रवाल ने लिखा कि पटना में जन्मे ईशान किशन ने सबसे कम गेंदों में ODI क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने का कीर्तिमान स्थापित किया है. इसके साथ ही समस्तीपुर के वैभव सूर्यवंशी का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वह सबसे कम उम्र में आईपीएल में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बने हैं. वहीं गोपालगंज के एक साधारण परिवार में जन्मे साकिब हुसैन का भी उन्होंने नाम लिया, जिनकी शानदार गेंदबाजी पर आज पूरी दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं.
खिलाड़ियों को बिहार में ही मिले वर्ल्ड क्लास सुविधाएं
उद्योगपति अनिल अग्रवाल ने मलाल जताते हुए कहा कि यह बात उन्हें हमेशा से खलती है कि बिहार को क्रिकेट के क्षेत्र में अब तक वह नाम और पहचान क्यों नहीं मिल पाई है, जिसके यहां के खिलाड़ी और लोग हकदार हैं. उन्होंने कहा कि उनका हमेशा से यह सपना और प्रयास रहा है कि बिहार के युवाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का पूरा मौका मिले. अग्रवाल का मानना है कि बिहार के खिलाड़ियों को वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर और हर तरह का सपोर्ट खुद बिहार के अंदर ही मिलना चाहिए. उन्हें पूरा भरोसा है कि यदि बिहार के बच्चों को सही प्रेरणा और आधुनिक सुविधाएं दी जाएं, तो बिहार से बनने वाली टीम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक होगी.
अनिल अग्रवाल का अनकंडीशनल सपोर्ट का ऐलान
बिहार को महज एक राज्य नहीं बल्कि एक 'इमोशन' बताते हुए अनिल अग्रवाल ने कहा कि अब समय आ गया है जब हमारी मिट्टी का टैलेंट मैदान पर अपनी पूरी चमक बिखेरे. उन्होंने बिहार की क्रिकेट टीम और यहां के उभरते खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए अपनी तरफ से 'अनकंडीशनल सपोर्ट' देने का बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने साफ किया कि वह बिहार के युवाओं के साथ इस मुहिम में पूरी मजबूती से खड़े हैं. अनिल अग्रवाल के इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर क्रिकेट फैंस की दीवानगी देखने को मिली और लोगों ने इस पर जमकर कमेंट्स किए.
बिहार सरकार का मिशन मोड और सम्राट चौधरी का जवाब
अनिल अग्रवाल के इस बड़े विज़न और पोस्ट पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की भी बड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है. सम्राट चौधरी ने अनिल अग्रवाल की बात से पूर्णतः सहमति जताते हुए लिखा कि बिहार के क्रिकेट और खेल की भावनाओं के लिए राज्य सरकार एक स्पष्ट विजन के साथ मिशन मोड में लगातार काम कर रही है. उन्होंने आगे भरोसा जताते हुए कहा कि अनिल अग्रवाल के इस सहयोग से निश्चित ही आने वाले समय में बिहार की क्रिकेट टीम को लेकर एक बड़ा और सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा. सम्राट चौधरी के इस जवाब के बाद अनिल अग्रवाल ने फिर से पोस्ट को साझा कर दोबारा हर तरह की मदद का भरोसा दिलाया.
ADVERTISEMENT


