JDU की इफ्तार पार्टी में दिखा भविष्य का 'वारिस'? नीतीश के अंदाज में नजर आए निशांत, कार्यकर्ताओं ने की सीएम बनाने की मांग

JDU Iftar Party Bihar: बिहार में जनता दल (यूनाइटेड) की इफ्तार पार्टी के दौरान निशांत कुमार की मौजूदगी ने सियासी हलचल तेज कर दी है. नीतीश कुमार के अंदाज में नजर आए निशांत के समर्थन में कार्यकर्ताओं ने सीएम बनाने के नारे लगाए, जिससे उनके संभावित उत्तराधिकारी होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं. विस्तार से जानिए पूरी कहानी.

JDU Iftar Party Bihar
जदयू की इफ्तार पार्टी में नीतीश के अंदाज में दिखें निशांत कुमार

सैय्यद अलमदार हुसैन रिजवी

follow google news

बिहार की राजनीति में इन दिनों एक नया चेहरा चर्चा का केंद्र बना हुआ है और वह चेहरा कोई और नहीं बल्कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का है. जेडीयू द्वारा आयोजित इफ्तार पार्टी में जो नजारा देखने को मिला, उसने सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है. हज भवन में आयोजित इस पार्टी में न केवल निशांत कुमार की मौजूदगी ने सबका ध्यान खींचा, बल्कि वहां मौजूद कार्यकर्ताओं के नारों ने भविष्य के राजनीतिक संकेतों की ओर इशारा कर दिया है.

Read more!

इफ्तार पार्टी में दिखा नीतीश कुमार वाला पुराना अंदाज

जेडीयू की इस इफ्तार पार्टी में निशांत कुमार बिल्कुल अपने पिता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुराने चिर-परिचित अंदाज में नजर आए. निशांत के सिर पर टोपी और कंधे पर गमछा था, जो कभी नीतीश कुमार की इफ्तार पार्टियों की पहचान हुआ करता था. दिलचस्प बात यह रही कि इस बार खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिना टोपी के नजर आए, लेकिन उनके बेटे निशांत ने उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए टोपी पहन रखी थी. राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यह एक बड़ा संकेत है कि निशांत कुमार अपने पिता की राजनीतिक विरासत को संभालने के लिए तैयार हो रहे हैं.

'बिहार का सीएम कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो' के गूंजे नारे

जैसे ही निशांत कुमार ने इफ्तार कार्यक्रम में एंट्री ली, वहां मौजूद समर्थकों और कार्यकर्ताओं का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया. आयोजन स्थल पर जोरदार नारेबाजी शुरू हो गई और 'बिहार का सीएम कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो' के नारे गूंजने लगे. यह पहली बार नहीं है जब उनके लिए ऐसी मांग उठी है. इससे पहले नीतीश कुमार की 'समृद्धि यात्रा' के दौरान भी उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और सम्राट चौधरी की मौजूदगी में समर्थकों ने निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने की मांग की थी.

जेडीयू कार्यकर्ताओं के बीच बढ़ती स्वीकार्यता

हाल के दिनों में निशांत कुमार की सक्रियता काफी बढ़ गई है. इफ्तार पार्टी में उनकी मौजूदगी ने इस आयोजन को पूरी तरह से राजनीतिक रंग दे दिया है. कार्यकर्ताओं के बीच उन्हें लेकर बढ़ती दीवानगी और नारेबाजी से यह साफ है कि जेडीयू के अंदर निशांत कुमार को लेकर एक मजबूत सियासी भावना पैदा हो रही है. समर्थक अब उन्हें नीतीश कुमार के उत्तराधिकारी के रूप में देखने लगे हैं.

भविष्य के नेतृत्व पर गहराता सस्पेंस

बिहार की राजनीति में इस समय सबसे बड़ा सवाल यही है कि नीतीश कुमार के बाद अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं के बीच अगले नेतृत्व को लेकर सस्पेंस बना हुआ है. हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर कुछ भी स्पष्ट नहीं किया गया है, लेकिन इफ्तार पार्टी की इन तस्वीरों और नारों ने यह साफ कर दिया है कि आने वाले समय में निशांत कुमार बिहार की राजनीति का एक अहम हिस्सा हो सकते हैं.

    follow google news