Katihar Unique Marriage: कटिहार के मनिहारी प्रखंड में एक अनोखी शादी इन दिनों पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. यहां 22 साल की युवती ने 60 साल के बुजुर्ग से मंदिर में शादी कर ली. दोनों की प्रेम कहानी सामने आने के बाद गांव वालों ने खुद उनकी शादी करवा दी. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
जानकारी के मुताबिक, मामला बाघमारा पंचायत का है. गांव में रहने वाले सुग्रीम पासवान और पड़ोसी पंचायत की रहने वाली युवती पिछले करीब दो साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे. उम्र में करीब 38 साल का फासला होने के बावजूद दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे. हालांकि इस रिश्ते की जानकारी गांव के अधिकतर लोगों को नहीं थी.
कैसे शुरू हुई यह अनोखी कहानी?
बताया जा रहा है कि बुधवार को ग्रामीणों ने दोनों को एक सुनसान जगह पर साथ देखा. इसके बाद गांव में चर्चा शुरू हो गई. ग्रामीण दोनों को पंचायत के सामने लेकर पहुंचे और उनसे रिश्ते को लेकर सवाल किए गए. पूछताछ के दौरान दोनों ने साफ कहा कि वे अपनी मर्जी से एक-दूसरे के साथ रहना चाहते हैं और शादी करना चाहते हैं.
ग्रामीणों ने मंदिर में कराई शादी
दोनों की सहमति मिलने के बाद गांव वालों ने मंदिर में शादी कराने का फैसला लिया. कुछ ही देर में गांव के मंदिर में तैयारियां शुरू हो गईं. पंडित को बुलाया गया और ग्रामीणों की मौजूदगी में शादी की रस्में पूरी कराई गईं. वायरल वीडियो में सुग्रीम पासवान युवती की मांग में सिंदूर भरते नजर आ रहे हैं. शादी के बाद दोनों ने मंदिर में भगवान के सामने पूजा-अर्चना भी की.
शादी के दौरान गांव के कई लोग मौके पर मौजूद रहे. किसी ने वीडियो रिकॉर्ड किया तो किसी ने तस्वीरें लीं. देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो गया और लोग इस शादी को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देने लगे.
"प्यार में उम्र की कोई सीमा नहीं"
युवती ने बताया कि उसने अपनी इच्छा से शादी की है और दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था. उसने कहा कि परिवार की ओर से भी कोई विरोध नहीं है. वहीं सुग्रीम पासवान ने कहा कि अब दोनों साथ रहेंगे और उन्हें अपने रिश्ते पर खुशी है.
इस अनोखी शादी को लेकर इलाके में लगातार चर्चा हो रही है. कुछ लोग इसे सच्चे प्यार की मिसाल बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग उम्र के बड़े अंतर को लेकर हैरानी जता रहे हैं. गांव की चौपाल से लेकर सोशल मीडिया तक एक ही चर्चा है कि प्यार उम्र की सीमाएं नहीं देखता.
ADVERTISEMENT


