Bihar Liquor Ban: खगड़िया में सड़क पर शराब की लूट, ट्रैक्टर से बोतलें लेकर भागे लोग

न्यूज तक

• 04:10 PM • 03 Sep 2026

Bihar Liquor Ban: खगड़िया के मथुरापुर ज्ञानी चौक पर शराब से लदा ट्रैक्टर मिलने के बाद लोगों ने बोतलें लूट लीं. पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

Liwuor Loot In Khagaria
खगड़िया में शराब की लूट
Google CTA

बिहार में शराबबंदी लागू है, लेकिन खगड़िया से सामने आई एक तस्वीर ने शराबबंदी पर सवाल खड़े कर दिए हैं. नगर थाना क्षेत्र के मथुरापुर ज्ञानी चौक पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से लोगों के शराब की बोतलें निकालकर ले जाने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर में विदेशी शराब के सैकड़ों कार्टन लदे थे.जानकारी के मुताबिक, सड़क पर एक ट्रैक्टर लावारिस हालत में खड़ा था. ट्रैक्टर पर कोई ड्राइवर मौजूद नहीं था. इसी दौरान किसी व्यक्ति ने ट्रैक्टर में हाथ डालकर देखा तो अंदर शराब की बोतलें मिलीं. इसके बाद धीरे-धीरे मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी. देखते ही देखते लोग ट्रैक्टर से शराब की बोतलें निकालकर अपने साथ ले जाने लगे.

Read more!

कार्टन की गिनती करती दिखी पुलिस 

मौके की तस्वीरों में लोग शराब की बोतलें लेकर वहां से जाते हुए दिखाई दे रहे हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली में विदेशी शराब के सैकड़ों कार्टन मौजूद थे. हालांकि, यह शराब की खेप किसकी थी, ट्रैक्टर कहां से आया था और उसका चालक कौन था, इसकी तत्काल जानकारी सामने नहीं आई. बताया जा रहा है कि नगर थाना पुलिस को शराब लदे ट्रैक्टर की जानकारी मिलने में काफी समय लगा. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शराब से लदे ट्रैक्टर को थाने ले गई. अब पुलिस शराब की बोतलों और कार्टन की गिनती कर रही है.

शराबबंदी पर उठे सवाल

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की इतनी बड़ी खेप खगड़िया कैसे पहुंची. साथ ही ट्रैक्टर के मालिक और उसके चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था.सड़क पर खुलेआम शराब की बोतलें लोगों के हाथ लगने के बाद स्थानीय लोगों और राजनीतिक नेताओं ने भी सवाल उठाए हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की निगरानी और कार्रवाई में कमी के कारण शराबबंदी के बावजूद शराब की अवैध बिक्री और तस्करी पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है.

आरजेडी ने उठाया शराबबंदी पर सवाल

आरजेडी के खगड़िया जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव ने भी इस घटना को लेकर शराबबंदी की व्यवस्था पर सवाल उठाए. उनका कहना है कि जब शराबबंदी वाले राज्य में शराब से भरा ट्रैक्टर सड़क पर खड़ा मिलता है और लोगों को इसकी जानकारी मिलते ही वे शराब की बोतलें लेकर जाने लगते हैं, तो इससे कानून के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े होते हैं. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि शराबबंदी वाले बिहार में शराब की इतनी बड़ी खेप खगड़िया के बीच सड़क तक कैसे पहुंची? ट्रैक्टर किसका था और इसका चालक कहां गया? पुलिस की जांच के बाद ही इन सवालों के जवाब सामने आएंगे.