बिहार विधान परिषद के 8 नवनिर्वाचित सदस्यों ने सोमवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली. पटना स्थित बिहार विधान परिषद के उप भवन सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए. कार्यकारी सभापति प्रोफेसर रामवचन राय ने सभी नवनिर्वाचित विधान पार्षदों को शपथ दिलाई. इस दौरान सत्ता पक्ष के साथ विपक्ष के भी कई बड़े नेता मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT
इन 8 विधान पार्षदों ने ली शपथ
शपथ ग्रहण करने वाले सदस्यों में डॉ. संजीव कुमार, सुरेश प्रसाद राय, नरेंद्र प्रसाद सिंह, डॉ. राहुल राज, नीरज कुमार, अनिल कुमार झा, बंशीधर बृजवासी और डॉ. एनके यादव शामिल हैं. ये सभी स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से निर्वाचित होकर विधान परिषद पहुंचे हैं. शपथ लेने के बाद सभी आठों विधान पार्षदों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई.
सम्राट चौधरी और तेजस्वी यादव एक साथ आए नजर
इस समारोह में बिहार की राजनीति के कई प्रमुख चेहरे एक साथ नजर आए. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अलावा दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव भी मौजूद रहे. वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इसके अलावा ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल और भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह भी समारोह में शामिल हुए. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल समेत कई विधायक, विधान पार्षद और जनप्रतिनिधि भी इस मौके पर मौजूद रहे.
एमएलसी चुनाव के बाद शुरू हुआ नया कार्यकाल
बिहार विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव के बाद इन आठ सदस्यों का शपथ ग्रहण हुआ है. शपथ लेने के साथ ही सभी नवनिर्वाचित सदस्यों ने विधान परिषद में अपनी जिम्मेदारी संभालने की औपचारिक शुरुआत की.
ADVERTISEMENT


