बिहार में पुलिस के अगले कप्तान की तलाश शुरू हो गई है. मौजूदा डीजीपी विनय कुमार का कार्यकाल 13 दिसंबर 2026 को खत्म होने वाला है. ऐसे में बिहार पुलिस को जल्द ही नया डीजीपी मिलने की संभावना है. पुलिस मुख्यालय और गृह विभाग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, नए डीजीपी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और संभावित अधिकारियों के नामों को शॉर्टलिस्ट करने का काम चल रहा है.
ADVERTISEMENT
विनय कुमार 1991 बैच के बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं. IIT खड़गपुर से पढ़ाई करने वाले विनय कुमार ने दिसंबर 2024 में बिहार के डीजीपी की जिम्मेदारी संभाली थी. अब उनका कार्यकाल पूरा होने के साथ ही नए डीजीपी के चयन की कवायद तेज हो गई है.
करीब 20 IPS अधिकारियों के नाम भेजे जा सकते हैं
सूत्रों के मुताबिक, बिहार सरकार का गृह विभाग करीब 20 IPS अधिकारियों के नाम UPSC को भेज सकता है. इस सूची में DG और ADG रैंक के ऐसे अधिकारियों को शामिल किया जा रहा है, जिन्होंने करीब 30 साल की सेवा पूरी कर ली है और जो डीजीपी पद के लिए पात्रता रखते हैं.
बिहार में अगले डीजीपी के लिए 1996 बैच तक के अधिकारियों के नाम पर विचार किए जाने की संभावना है. इसके बाद UPSC की प्रक्रिया के तहत अधिकारियों के सर्विस रिकॉर्ड, अनुभव, वरिष्ठता और अन्य मानकों के आधार पर पैनल तैयार किया जाएगा.
कुंदन कृष्णन सबसे चर्चित नाम
नए डीजीपी की रेस में कुंदन कृष्णन का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है. 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी कुंदन कृष्णन फिलहाल डीजी STF और डीजी स्पेशल ब्रांच की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. इससे पहले वह ADG हेडक्वार्टर जैसे महत्वपूर्ण पद पर भी रह चुके हैं. बिहार में पुलिस प्रशासन के स्तर पर उन्हें काफी अनुभवी अधिकारी माना जाता है. मौजूदा सरकार में भी पुलिस विभाग की कई अहम जिम्मेदारियां उनके पास हैं.
प्रीता वर्मा भी मजबूत दावेदार
रेस में प्रीता वर्मा का नाम भी महत्वपूर्ण है. 1991 बैच की आईपीएस अधिकारी प्रीता वर्मा वर्तमान में डीजी होमगार्ड और फायर सर्विस के पद पर तैनात हैं. संभावित दावेदारों में वह सबसे वरिष्ठ अधिकारियों में शामिल हैं. उनकी वरिष्ठता को देखते हुए डीजीपी की रेस में उनका नाम खास माना जा रहा है.
जेएस गंगवार का भी दावा
जेएस गंगवार 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और फिलहाल बिहार के डीजी विजिलेंस हैं. इससे पहले वह ADG पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. पुलिस प्रशासन में लंबे अनुभव और महत्वपूर्ण पदों पर काम करने की वजह से जेएस गंगवार को भी डीजीपी पद के प्रमुख दावेदारों में माना जा रहा है.
बी. श्रीनिवासन और जितेंद्र कुमार भी रेस में
इस दौड़ में बी. श्रीनिवासन का नाम भी शामिल है. 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी श्रीनिवासन फिलहाल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर NSG में तैनात हैं. उनके लंबे प्रशासनिक और पुलिस अनुभव को देखते हुए उन्हें भी मजबूत दावेदार माना जा रहा है. वहीं, जितेंद्र कुमार भी इस रेस में हैं. 1993 बैच के आईपीएस जितेंद्र कुमार फिलहाल DG BSF और केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) से जुड़ी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
इन अधिकारियों के नाम पर भी हो सकता है विचार
DG स्तर पर डॉ. परेश सक्सेना, अमित कुमार और निर्मल कुमार आजाद जैसे अधिकारियों के नाम भी संभावित सूची में बताए जा रहे हैं. वहीं 1995 और 1996 बैच के ADG स्तर के अधिकारियों में आर. मलार विजि, पंकज कुमार दराद, अमित कुमार जैन, सुधांशु कुमार, नैय्यर हसनैन खान, सुनील कुमार, डॉ. कमल किशोर सिंह और पारस नाथ जैसे नामों पर भी विचार हो सकता है.
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात अधिकारियों में सुशील एम. खोपड़े, एस. रवींद्रण, जगमोहन और अनिल किशोर यादव के नाम भी संभावित सूची में बताए जा रहे हैं.
कैसे चुना जाएगा बिहार का अगला DGP?
नए डीजीपी की नियुक्ति की प्रक्रिया में UPSC की अहम भूमिका होगी. राज्य सरकार की ओर से पात्र अधिकारियों की सूची भेजे जाने के बाद UPSC स्तर पर अधिकारियों के सर्विस रिकॉर्ड, अनुभव, वरिष्ठता और प्रशासनिक क्षमता समेत कई मानकों को देखा जाएगा. इसके बाद UPSC की चयन समिति संभावित अधिकारियों में से तीन नामों का पैनल तैयार करेगी. इस पैनल को राज्य सरकार के पास भेजा जाएगा. इसके बाद राज्य सरकार इन तीन नामों में से एक अधिकारी को बिहार का नया डीजीपी नियुक्त करेगी.
पहली बार DGP चुनेंगे CM सम्राट चौधरी
बिहार के लिए इस बार यह प्रक्रिया इसलिए भी खास है क्योंकि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास गृह विभाग की जिम्मेदारी भी है. यानी बिहार के अगले डीजीपी के चयन में मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण भूमिका होगी.
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि दिसंबर में विनय कुमार का कार्यकाल खत्म होने के बाद बिहार पुलिस की कमान किसके हाथ में जाएगी? कुंदन कृष्णन, प्रीता वर्मा, जेएस गंगवार, बी. श्रीनिवासन या फिर कोई दूसरा नाम बाजी मारता है, इसका फैसला आने वाले दिनों में चयन प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ साफ होगा.
यह भी पढ़ें: दिवाली-छठ पर घर जाने वालों के लिए बड़ी खबर, रेलवे चलाएगा स्पेशल ट्रेनें
ADVERTISEMENT


