'जितनी फोर्स लानी है ले आओ...' सरकारी बंगला खाली करने के नोटिस पर भड़कीं राबड़ी देवी

बिहार सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को '10 सर्कुलर रोड' स्थित सरकारी बंगला खाली करने का नोटिस दिया है. इस पर राबड़ी देवी ने सरकार को खुली चुनौती देते हुए कहा है कि वह किसी भी कीमत पर आवास खाली नहीं करेंगी.

NewsTak

शशि भूषण कुमार

follow google news

बिहार की राजनीति में सरकारी बंगले को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है. राज्य सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को पटना के '10 सर्कुलर रोड' स्थित सरकारी आवास को खाली करने का अल्टीमेटम दिया है. सरकार के इस आदेश पर राबड़ी देवी ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने साफ शब्दों में कह दिया है कि वे किसी भी कीमत पर अपना यह सरकारी मकान खाली नहीं करेंगी. राबड़ी देवी के इस बयान के बाद बिहार का सियासी पारा अचानक चढ़ गया है.

Read more!

हवाई अड्डे पर दी खुली चुनौती

दरअसल, राबड़ी देवी अपने पोते इराज के जन्मदिन के कार्यक्रम में शामिल होकर दिल्ली से पटना वापस लौटी थीं. पटना एयरपोर्ट पर जब पत्रकारों ने उनसे सरकारी बंगला खाली करने के नोटिस को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने तीखे तेवर दिखाए. राबड़ी देवी ने बिहार के सीएम सम्राट चौधरी का नाम लेते हुए कहा, "सम्राट चौधरी जितनी भी पुलिस फोर्स बुलाकर मकान खाली करवाना चाहें करवा लें, लेकिन मैं यह मकान किसी भी हाल में खाली नहीं करूंगी."

बीजेपी ने किया पलटवार, 'खजाने' का किया जिक्र

राबड़ी देवी के इस बयान के बाद सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उन पर चौतरफा हमला बोल दिया है. बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि बिहार में अब कानून का राज है, जंगलराज नहीं. उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि आखिर '10 सर्कुलर रोड' वाले बंगले में लालू परिवार ने कौन सा खजाना छिपाकर रखा है? नीरज कुमार ने आगे कहा कि इलाज के लिए सिंगापुर और जन्मदिन मनाने दिल्ली जाने वाले लोग जब लूटने की बारी आती है तो बिहार आ जाते हैं. उन्होंने साफ किया कि कानून का सम्मान हर हाल में करना होगा और अगर कोई खजाना छिपा भी है, तो बिहार पुलिस उसे ढूंढ निकालेगी.

जेडीयू और राज्यसभा सांसद का बयान

इस पूरे मामले पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के वरिष्ठ नेता और बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने बेहद नपे-तुले शब्दों में कहा कि इस मामले में जो भी सरकारी नियम हैं, उनका पालन होना चाहिए. देश और राज्य में सारे काम कानून के तहत ही होते हैं.

वहीं, बीजेपी के राज्यसभा सांसद भीम सिंह ने राबड़ी देवी के इस रवैये को टकराव बढ़ाने वाला बताया. उन्होंने कहा कि राबड़ी देवी खुद बिहार की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं, इसलिए उन्हें इस तरह की भाषा शोभा नहीं देती. बंगला खाली कराने के लिए पूरी बिहार पुलिस की जरूरत नहीं है, बल्कि सिर्फ एक दरोगा ही इसके लिए काफी है.

    follow google news