निशांत कुमार को रोके जाने के मामले पर SSG की सफाई: 'मानवीय भूल' मानी, RJD ने बीजेपी और JDU को घेरा

20 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 20 2026 10:30 AM)

नीतीश सेतु के निरीक्षण के दौरान सीएम सम्राट चौधरी के सुरक्षाकर्मी द्वारा निशांत कुमार को पीछे धकेलने के वायरल वीडियो पर SSG ने सफाई दी है. इसे सुरक्षा प्रोटोकॉल के दौरान हुई मानवीय भूल बताया गया है.

NewsTak
Google CTA

बिहार में नीतीश सेतु के उद्घाटन से पहले हुए एक घटनाक्रम ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुरक्षाकर्मी द्वारा निशांत कुमार को पीछे किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विपक्ष ने सरकार पर तीखे हमले शुरू कर दिए हैं. मामले के तूल पकड़ने के बीच अब स्पेशल सिक्योरिटी ग्रुप (SSG) ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर अपनी सफाई दी है और इसे सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने के दौरान हुई मानवीय भूल करार दिया है.

Read more!

मीडिया से बातचीत के दौरान वायरल हुआ था वीडियो

दरअसल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी नीतीश सेतु का निरीक्षण करने पहुंचे थे, जहां उनके साथ निशांत कुमार भी मौजूद थे. बताया जा रहा है कि जब मुख्यमंत्री मीडिया से बातचीत कर रहे थे, उसी दौरान सुरक्षा में तैनात एक जवान ने निशांत कुमार को पीछे की ओर कर दिया. इस घटना का वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई.

SSG ने जांच के बाद दी सफाई, बताया दो दशक की सुरक्षा का जिक्र

वीडियो वायरल होने और विवाद बढ़ने के बाद स्पेशल सिक्योरिटी ग्रुप (SSG) ने आधिकारिक बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट की. विज्ञप्ति में कहा गया कि सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात जवानों द्वारा स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को हटाने की घटना को लेकर चल रहे प्रचार की जांच कराई गई है. जांच में यह बात सामने आई कि सुरक्षाकर्मी द्वारा सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत काम करते समय मानवीय भूल के कारण यह स्थिति बनी. SSG ने यह भी उल्लेख किया कि निशांत कुमार को पिछले करीब दो दशकों तक और कुछ महीने पहले तक विशेष सुरक्षा दल की सुरक्षा मिलती रही है.

रोहिणी आचार्य और RJD प्रवक्ता ने उठाया सवाल

इस वायरल वीडियो को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बीजेपी और सत्ता पक्ष को घेरना शुरू कर दिया है. आरजेडी नेता रोहिणी आचार्य ने इस पूरे वाकये को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान से जोड़ते हुए सवाल खड़े किए. वहीं, आरजेडी प्रवक्ता एजाज अहमद ने निशांत कुमार के साथ हुए व्यवहार को अपमानजनक बताते हुए इस मामले पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) की चुप्पी को लेकर भी निशाना साधा.

नीतीश सेतु के उद्घाटन से ऐन पहले सामने आए इस घटनाक्रम ने बिहार की राजनीति में नई बहस को जन्म दे दिया है. एक ओर जहां SSG ने अपनी जांच के आधार पर इसे मानवीय भूल बताकर मामले को संभालने की कोशिश की है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार और सहयोगी दलों को घेरने में जुटा हुआ है.

Nitish Setu Patna: 21 नवंबर को 'नीतीश सेतु' की सौगात देंगे पीएम मोदी, ग्राउंड जीरो से जानिए क्या है इसकी खासियत!