बिहार की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज है. एक तरफ जहां मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कयासों का दौर जारी है, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एक्शन पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं. इसी कड़ी में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके नए आवास पर मुलाकात की.
ADVERTISEMENT
नए आवास पर पहुंचे सम्राट चौधरी
बता दें कि नीतीश कुमार ने हाल ही में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद आधिकारिक आवास '1-अणे मार्ग' छोड़ दिया है और अब वह 7-सर्कुलर रोड स्थित अपने नए आवास में शिफ्ट हो गए हैं. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इसी सिलसिले में शिष्टाचार भेंट करने नीतीश कुमार के नए पते पर पहुंचे. इस दौरान उनके साथ डिप्टी सीएम विजय चौधरी भी मौजूद रहे.
नीतीश के मार्गदर्शन में चलेगी सरकार
मुलाकात के बाद सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया (X) पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री से आत्मीय मुलाकात की और उनके अनुभवों व मार्गदर्शन से प्रेरणा प्राप्त की. सम्राट चौधरी पहले भी कई मंचों से यह स्पष्ट कर चुके हैं कि बिहार की नई सरकार नीतीश कुमार के मॉडल पर ही आगे बढ़ेगी. नीतीश कुमार ने भी इस मुलाकात को एक 'शिष्टाचार मुलाकात' बताया है.
सियासी मायने और मंत्रिमंडल विस्तार
भले ही इसे शिष्टाचार भेंट कहा जा रहा हो, लेकिन सियासी गलियारों में इसके गहरे मायने निकाले जा रहे हैं। बिहार में अभी तक मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हुआ है. चर्चा इस बात की है कि जेडीयू और बीजेपी के बीच पावर शेयरिंग का फॉर्मूला क्या होगा, किन नए चेहरों को जगह मिलेगी और किनकी छुट्टी होगी.
फिर वही '7-सर्कुलर रोड'
दिलचस्प बात यह है कि यह वही आवास (7-सर्कुलर रोड) है, जहां नीतीश कुमार तब रहने आए थे जब उन्होंने जीतन राम मांझी को मुख्यमंत्री बनाया था. अब एक बार फिर जब सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने हैं और नीतीश कुमार राज्यसभा के सदस्य हो गए हैं, तो वह इसी पते पर वापस लौटे हैं. यह आवास पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास के बेहद करीब स्थित है.
ADVERTISEMENT


