Bihar Nishant Kumar News: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार अब राजनीति के मैदान में पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं. रविवार को निशांत कुमार जेडीयू के प्रदेश मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने न केवल पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की, बल्कि मंच से कार्यकर्ताओं में जोश भी भरा. नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद निशांत की इस सक्रियता को जेडीयू में एक नए युग की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है. विस्तार से जानिए पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
JDU दफ्तर में निशांत का 'पावर शो'
जेडीयू कार्यालय में दानवीर भामाशाह की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में निशांत कुमार मुख्य वक्ता के तौर पर शामिल हुए. मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने भामाशाह की देशभक्ति और उदारता का जिक्र किया. निशांत ने कहा, 'भामाशाह जी का जीवन हमें सिखाता है कि धन की सच्ची सार्थकता समाज और देश हित में है. जब महाराणा प्रताप अकबर के खिलाफ लड़ रहे थे, तब भामाशाह ने अपनी पूरी संपत्ति देश की रक्षा के लिए दान कर दी थी.'
3 मई से बिहार यात्रा पर निकलेंगे निशांत
निशांत कुमार केवल दफ्तर तक सीमित नहीं रहने वाले हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, वे आने वाली 3 मई से 'बिहार यात्रा' की शुरुआत करेंगे. इस यात्रा के दौरान वे बिहार के कोने-कोने में जाकर जनता से सीधा संवाद करेंगे. माना जा रहा है कि यह यात्रा 3 से 4 महीने तक चलेगी, जिसका उद्देश्य जमीन पर पार्टी की पकड़ मजबूत करना और युवाओं को जोड़ना है.
नीतीश कुमार का जेडीयू दफ्तर पहुंचना बना चर्चा का विषय
दिलचस्प बात यह रही कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी लंबे समय बाद जेडीयू दफ्तर पहुंचे. सीएम पद छोड़ने के बाद यह पहला मौका था जब नीतीश कुमार पार्टी कार्यालय आए थे. दफ्तर में बाप-बेटे (नीतीश और निशांत) की मौजूदगी ने कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह भर दिया. पूरे कार्यालय परिसर में नीतीश और निशांत के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई.
क्या मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी?
निशांत कुमार को लेकर राजनीतिक गलियारों में लंबे समय से कयास लगाए जा रहे थे कि वे नई सरकार में उपमुख्यमंत्री जैसा कोई अहम पद संभाल सकते हैं. हालांकि, शपथ ग्रहण के बाद यह साफ हो गया कि वे फिलहाल सरकार से दूर रहेंगे. अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जेडीयू संगठन के भीतर निशांत को क्या आधिकारिक जिम्मेदारी सौंपी जाती है. फिलहाल, उनकी पूरी ताकत 3 मई से शुरू होने वाली यात्रा पर केंद्रित है.
यहां देखें वीडियो
JDU कार्यालय से नीतीश कुमार ने 10 मिनट में ये 5 संदेश देकर बता दी आगे की पूरी रणनीति, देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


