बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव का समय अब बेहद करीब आ गया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले के बाद अब राज्य में नई सरकार के गठन को लेकर काउंटडाउन शुरू हो चुका है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ले सकते हैं, जिसके बाद बिहार में सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया तेज हो जाएगी. वहीं इसी बीच मनोज तिवारी ने भी बिहार के नए मुख्यमंत्री को लेकर एक बयान दिया है जिसके बाद चर्चाएं और भी तेज हो गई है. विस्तार से जानिए पूरी बात.
ADVERTISEMENT
14 अप्रैल के बाद शुभ मुहूर्त
सूत्रों के हवाले से खबर है कि नीतीश कुमार 10 अप्रैल को शपथ लेने के बाद कभी भी मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं. संवैधानिक नियमों के अनुसार, वे शपथ के बाद भी 6 महीने तक पद पर रह सकते हैं, लेकिन चर्चा है कि 14 अप्रैल के बाद कभी भी नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो सकती है. जब मुख्यमंत्री इस्तीफा देते हैं, तो पूरी मंत्रिपरिषद का इस्तीफा माना जाता है और नई सरकार के लिए नए सिरे से कवायद शुरू होती है.
क्या नीतीश की पसंद का होगा अगला सीएम?
बिहार में जेडीयू के पास 85 विधायक हैं और केंद्र में भी नीतीश कुमार की दमदार उपस्थिति (12 लोकसभा सांसद) है. ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या अगला मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पसंद का होगा? राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नीतीश कुमार ऐसा चेहरा चाहेंगे जो उनके बेटे निशांत कुमार की राजनीति को आगे बढ़ाने में मददगार साबित हो और उनकी विरासत को संभाल सके.
दिल्ली और पटना दोनों पर रहेगी पकड़
नीतीश कुमार भले ही केंद्र की राजनीति में सक्रिय होने जा रहे हैं, लेकिन जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के नाते पार्टी पर उनकी पकड़ मजबूत रहेगी. 85 विधायकों के सर्वेसर्वा होने के कारण बिहार की सत्ता में भी उनका प्रभाव बना रहेगा. बीजेपी की ओर से अभी मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर खामोशी है, जिससे कयासों का बाजार गर्म है कि क्या बीजेपी से कोई चेहरा आएगा या जेडीयू से ही कोई चौंकाने वाला नाम सामने होगा.
निशांत की एंट्री और सस्पेंस
निशांत कुमार को लेकर जेडीयू के नेताओं के बयानों और मुख्यमंत्री पद की रेस ने बिहार की सियासत को दिलचस्प बना दिया है. फिलहाल सबकी नज़रें 10 अप्रैल और उसके बाद होने वाले घटनाक्रम पर टिकी हैं.
मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री को लेकर दिया बड़ा बयान
भोजपुरी स्टार और बीजेपी सांसद ने मीडिया से बातचीत करते हुए बिहार के अगले सीएम को लेकर बयान दिया है. जब उनसे पूछा गया कि बिहार का अगल मुख्यमंत्री कौन बनेगा? तो इसके जवाब में मनोज तिवारी ने कहा कि ये बात आपको 10 अप्रैल को पता चल जाएगा. मनोज तिवारी के इस बयान ने राजनीतिक गलियारों को उन चर्चाओं को हवा दे दी है जिनमें कहा जा रहा था कि खरमास बाद बिहार में नई सरकार का गठन होगा.
ADVERTISEMENT


