बिहार की राजनीति में इस वक्त सबसे बड़ा घटनाक्रम सामने आ रहा है. राज्य में सत्ता परिवर्तन और नए मुख्यमंत्री को लेकर काउंटडाउन शुरू हो चुका है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिल्ली रवाना होने के बाद अब डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के भी दिल्ली जाने की खबर ने सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है. माना जा रहा है कि बिहार में अब 'पावर ट्रांसफर' की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है.
ADVERTISEMENT
नीतीश कुमार के साथ दिग्गजों का दिल्ली दौरा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज दोपहर करीब 1:30 बजे पटना से दिल्ली के लिए रवाना हुए. उनके साथ जेडीयू के दो बड़े कद्दावर नेता- राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और वरिष्ठ मंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद हैं. आधिकारिक तौर पर नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करेंगे, लेकिन इस दौरे के राजनीतिक मायने कहीं अधिक गहरे हैं.
सीएम की रेस में सम्राट चौधरी सबसे आगे
नीतीश कुमार के दिल्ली जाने के ठीक 2 घंटे बाद, यानी शाम 3:20 बजे सम्राट चौधरी भी दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे. सूत्रों के हवाले से खबर है कि बिहार के अगले मुख्यमंत्री की रेस में सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे चल रहा है. दिल्ली में आलाकमान के साथ होने वाली इस बैठक में सम्राट चौधरी की मौजूदगी इस बात का स्पष्ट संकेत है कि बीजेपी अब बिहार में अपना मुख्यमंत्री बनाने की ओर कदम बढ़ा चुकी है.
मोदी-शाह से मुलाकात और नई सरकार की रूपरेखा
दिल्ली में नीतीश कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं. इस बैठक में एनडीए के शीर्ष नेतृत्व के बीच बिहार के अगले सीएम और नई कैबिनेट के स्वरूप पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है. खबर है कि नीतीश कुमार की भी पहली पसंद सम्राट चौधरी ही हैं, ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि दिल्ली से लौटते ही बिहार को नया मुख्यमंत्री मिल सकता है.
बिहार की राजनीति में पल-पल बदलते घटनाक्रमों के बीच अब सबकी निगाहें दिल्ली में होने वाली इन हाई-प्रोफाइल बैठकों पर टिकी हैं. क्या वाकई सम्राट चौधरी बिहार की कमान संभालेंगे या फिर कोई नया 'खेला' होगा? यह आने वाले कुछ घंटों में साफ हो जाएगा.
ADVERTISEMENT


