बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर प्रशांत किशोर का बड़ा दावा, नीतीश कुमार के बारे में भी कह दी ये बड़ी बात

प्रशांत किशोर ने दावा किया है कि नीतीश कुमार अब शारीरिक और मानसिक रूप से मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी निभाने की स्थिति में नहीं हैं और वे जल्द ही राज्यसभा जा सकते हैं. पीके ने मौजूदा जनादेश पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला अब दिल्ली में बैठे भाजपा नेता ही करेंगे.

प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर

अनिकेत कुमार

follow google news

पटना: बिहार की सियासत में इन दिनों भारी हलचल मची हुई है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं और राज्य के अगले मुख्यमंत्री को लेकर लग रही अटकलों के बीच चुनावी रणनीतिकार और जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) ने बड़ा बयान दिया है. पीके ने नीतीश कुमार की शारीरिक और मानसिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए दावा किया है कि वे अब मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारियों को निभाने की स्थिति में नहीं हैं.

Read more!

मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ नहीं हैं नीतीश

सहयोगी वेबसाइट 'बिहार तक' से बातचीत के दौरान प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार पर सीधा हमला बोला. उन्होंने कहा कि यह बात पहले से ही साफ थी कि नीतीश कुमार लंबे समय तक इस पद पर नहीं बने रहेंगे. पीके ने दावा किया, "नीतीश जी अब शारीरिक और मानसिक तौर पर उस स्थिति में नहीं हैं कि वे मुख्यमंत्री पद के दायित्वों का निर्वहन कर सकें. जब वो खुद स्वस्थ नहीं हैं और राज्यसभा जा रहे हैं, तो यह बात अब सबके सामने साफ है."

5 साल तक सीएम नहीं रहेंगे नीतीश?

प्रशांत किशोर ने अपने पुराने दावों को याद दिलाते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही कह दिया था कि चुनाव परिणाम जो भी हों, नीतीश कुमार अगले 5 साल तक बिहार के मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे. उन्होंने वर्तमान जनादेश पर भी सवाल उठाए और इसे 'मैन्युफैक्चर मैंडेट' (बनाया हुआ जनादेश) करार दिया. पीके ने आरोप लगाया कि इस बार के नतीजों में पैसे के बंटवारे, केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की भूमिका रही है.

समृद्धि यात्रा हास्यास्पद है

नीतीश कुमार की 'समृद्धि यात्रा' और भाजपा नेता सम्राट चौधरी के साथ उनकी बढ़ती नजदीकियों पर भी प्रशांत किशोर ने तंज कसा. उन्होंने कहा, "देश के सबसे गरीब और पिछड़े राज्य में, जहाँ 100 में से 60 लोग दिन के 100 रुपये भी नहीं कमा पा रहे, वहां मुख्यमंत्री का समृद्धि यात्रा निकालना हास्यास्पद है. एक करोड़ लोग रोजी-रोटी के लिए पलायन कर चुके हैं और यहाँ समृद्धि की बातें हो रही हैं."

अगला सीएम कौन? दिल्ली से होगा तय!

बिहार के अगले मुख्यमंत्री के चेहरे पर पूछे गए सवाल पर पीके ने कहा कि इसका जवाब तो दिल्ली में बैठे लोग (भाजपा आलाकमान) ही दे सकते हैं. उन्होंने संकेत दिया कि चूंकि इस जीत में अमित शाह, पीएम मोदी और केंद्र सरकार की बड़ी भूमिका रही है, इसलिए वे अब सत्ता में अपना हिस्सा लेंगे और नीतीश कुमार के लिए सरकार चलाना आसान नहीं होगा.

ये भी पढ़ें: KC Tyagi News: JDU से अलग होने और RLD में शामिल होने के बाद क्या बोले केसी त्यागी

    follow google news