सम्राट चौधरी को CM क्यों बनाना चाहती है RJD, शक्ति यादव बोले- "लालू की यूनिवर्सिटी का ही जलवा है"

आरजेडी प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा है कि सम्राट चौधरी का मुख्यमंत्री बनना लालू प्रसाद यादव की राजनीतिक पाठशाला की जीत होगी क्योंकि उन्होंने राजनीति का सारा हुनर आरजेडी में ही सीखा है. उन्होंने ये भी दावा किया कि जेडीयू अब बिखरने की कगार पर है.

सम्राट चौधरी
सम्राट चौधरी

अनिकेत कुमार

follow google news

बिहार की राजनीति में इन दिनों सत्ता परिवर्तन और नए मुख्यमंत्री को लेकर अटकलें तेज हैं. चर्चा है कि बिहार के अगले मुख्यमंत्री बीजेपी नेता सम्राट चौधरी हो सकते हैं. इस संभावित बदलाव पर मुख्य विपक्षी दल आरजेडी (RJD) का एक दिलचस्प रिएक्शन सामने आया है. आरजेडी प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा है कि अगर सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बनते हैं, तो इसमें आरजेडी को कोई दिक्कत नहीं है, बल्कि यह लालू प्रसाद यादव की 'पॉलिटिकल यूनिवर्सिटी' की ही जीत होगी.

Read more!

"सम्राट ने आरजेडी में ही सीखा राजनीति का ककहरा"

आरजेडी प्रवक्ता शक्ति यादव ने सम्राट चौधरी पर तंज कसते हुए कहा कि सम्राट चौधरी ने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत राष्ट्रीय जनता दल से ही की थी. वे आरजेडी की सरकार में मंत्री रहे और सदन में मुख्य सचेतक की भूमिका भी निभाई. शक्ति यादव ने कहा, "सम्राट चौधरी ने सारा राजनीतिक कौशल आरजेडी में सीखा है. अगर वे बीजेपी में जाकर सबको पछाड़कर अपना झंडा बुलंद कर रहे हैं, तो हमें तो खुशी है कि आरजेडी की विचारधारा और लालू जी के 'इंस्टिट्यूशन' से निकला व्यक्ति वहां नेतृत्व करेगा."

लालू यादव को बताया राजनीति का 'चांसलर'

शक्ति यादव ने चुटकी लेते हुए कहा कि लालू प्रसाद यादव राजनीति की उस यूनिवर्सिटी के चांसलर हैं, जहाँ से निकले नेता किसी भी दल में जाकर अपना लोहा मनवा लेते हैं. उन्होंने कहा कि आरजेडी से निकले हुए लोग आज बीजेपी, कांग्रेस और जेडीयू जैसे दलों में बड़े पदों पर बैठे हैं. ऐसे में सम्राट चौधरी अगर सीएम बनते हैं, तो यह आरजेडी के पॉलिटिकल स्किल की ही गवाही देगा.

जेडीयू पर साधा निशाना

इस दौरान शक्ति यादव ने जेडीयू और नीतीश कुमार पर भी जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि जेडीयू अब इतिहास के पन्नों में कैद होने वाली है. नीतीश कुमार ने अपने परिवारवाद के चक्कर में पार्टी का नामोनिशान मिटा दिया है. उन्होंने दावा किया कि जेडीयू के नेता अब बीजेपी में जाने की होड़ में लगे हैं और पार्टी अब पूरी तरह बिखर चुकी है.

शक्ति यादव के इस बयान ने बिहार की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है. जहां एक तरफ बीजेपी नए नेतृत्व की ओर बढ़ रही है, वहीं आरजेडी इसे अपनी वैचारिक जीत के तौर पर पेश करने की कोशिश कर रही है.

 

    follow google news