बिहार के सरकारी स्कूलों में पदस्थापित शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों और प्रधान शिक्षकों के लिए स्थानांतरण और पदस्थापना (Transfer & Posting) को लेकर राज्य सरकार ने बड़ी राहत दी है. बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने ऐलान किया है कि राज्य में 'बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली 2026' के तहत ई-शिक्षा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. इस प्रक्रिया के तहत TRE-3 के शिक्षकों को भी मौका मिलने जा रहा है. आइए विस्तार से जानते है पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
29 जुलाई से 5 अगस्त तक ई-शिक्षा पोर्टल पर खुलेंगे आवेदन
शिक्षा मंत्री ने बताया कि शिक्षकों की सुविधा और पारदर्शी व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ई-शिक्षा पोर्टल के जरिए ऐच्छिक स्थानांतरण के लिए आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं. शिक्षक 29 जुलाई 2026 से लेकर 5 अगस्त 2026 के बीच पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षकों को इसके लिए किसी अधिकारी को फोन करने या परेशान होने की जरूरत नहीं है, एक सप्ताह के भीतर प्राप्त सभी आवेदनों के आधार पर ही स्थानांतरण की कार्रवाई पूरी की जाएगी.
पुराने आवेदन निष्प्रभावी, TRE-3 के शिक्षकों को भी मौका
शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों की शंकाओं को दूर करते हुए बड़ा संशोधन किया है. उन्होंने बताया कि पूर्व में किए गए सभी आवेदन निष्प्रभावी माने जाएंगे और सभी को नया आवेदन देना होगा. इसके अलावा जिन TRE-3 (टीआरई-3) के शिक्षकों की निर्धारित अवधि पूरी नहीं हुई थी, उनके नियमों में संशोधन कर उन्हें भी इस प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर दिया गया है. साथ ही मॉडल स्कूल के शिक्षकों के लिए भी प्रावधान किए गए हैं और लाइब्रेरियन के स्थानांतरण के लिए भी अतिशीघ्र रास्ता खोलने की तैयारी की जा रही है.
रिश्वतखोरी पर कड़ी चेतावनी और रशनलाइजेशन
स्थानांतरण प्रक्रिया में भ्रष्टाचार रोकने के लिए शिक्षा मंत्री ने सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ट्रांसफर के नाम पर किसी शिक्षक, अधिकारी या कर्मचारी द्वारा रिश्वत देने या लेने की कोई सूचना मिलती है, तो दोनों पक्षों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही जिलों में शिक्षकों की असमानता को दूर करने के लिए विभाग द्वारा रशनलाइजेशन का शेड्यूल भी जारी किया जा रहा है. शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों से अपील की है कि वे पूरे धैर्य के साथ नियमावली का पालन करें और अपना ध्यान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने तथा छात्रों की प्रगति पर केंद्रित रखें.
यहां देखें वीडियो
बिहार पुलिस का मेगा ऑपरेशन, बाल तस्करी और देह व्यापार पर बड़ी कार्रवाई
ADVERTISEMENT


