बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ा बयान दिया है. परीक्षा की तारीख आगे बढ़ने के बाद असमंजस में पड़े शिक्षक अभ्यर्थियों को शिक्षा मंत्री ने साफ कर दिया है कि TRE-4 परीक्षा रद्द नहीं हुई है, बल्कि इसकी तारीख को स्थगित किया गया है. शिक्षा मंत्री ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा को लेकर किसी तरह का भ्रम या घबराहट न पालें और अपनी तैयारी पर ध्यान दें. उन्होंने कहा कि बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) अभ्यर्थियों की संख्या और परीक्षा की व्यापक तैयारियों को देखते हुए नई तारीख तय करेगा.
ADVERTISEMENT
1 सितंबर से शुरू होना था आवेदन
दरअसल, TRE-4 को लेकर अभ्यर्थी लंबे समय से आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा की तारीख का इंतजार कर रहे थे. तय कार्यक्रम के मुताबिक 1 सितंबर 2026 से आवेदन प्रक्रिया शुरू होनी थी, लेकिन तारीख आगे बढ़ा दी गई. इसके बाद शिक्षक अभ्यर्थियों के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं और परीक्षा को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई. इसी बीच शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि परीक्षा को रद्द नहीं किया गया है. BPSC परीक्षा के आयोजन को लेकर पूरी तैयारी कर रहा है और तैयारी पूरी होने के बाद नई तारीख जारी की जाएगी.
दो परीक्षाओं की जगह एक परीक्षा का फैसला
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के स्तर पर अभ्यर्थियों की मांग को देखते हुए दो परीक्षाओं की जगह एक परीक्षा कराने का फैसला लिया गया है. ऐसे में अभ्यर्थियों की संख्या काफी अधिक होगी और BPSC को उसी हिसाब से परीक्षा की तैयारी करनी होगी. मिथिलेश तिवारी के मुताबिक, तारीख स्थगित होने की वजह परीक्षा को बेहतर और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने की तैयारी है. उनका कहना है कि जल्दबाजी में परीक्षा कराने के बजाय पर्याप्त तैयारी के साथ परीक्षा कराना ज्यादा जरूरी है.
'पारदर्शी परीक्षा के लिए BPSC को समय मिलना चाहिए'
शिक्षा मंत्री ने TRE-4 की तारीख आगे बढ़ाए जाने को लेकर हो रही राजनीति पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि अगर अभ्यर्थी पारदर्शी परीक्षा चाहते हैं और परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं चाहते, तो BPSC को तैयारी के लिए पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि आयोग पर जरूरत से ज्यादा दबाव डालने से परीक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. अगर जल्दबाजी में परीक्षा कराई गई और कोई गड़बड़ी हुई तो फिर सरकार पर ही सवाल उठेंगे. इसलिए सरकार अभ्यर्थियों के हित में फैसला ले रही है.
अभ्यर्थियों से तैयारी जारी रखने की अपील
शिक्षा मंत्री ने शिक्षक अभ्यर्थियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि वे अपनी पढ़ाई और तैयारी जारी रखें. नई परीक्षा तारीख को लेकर किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है. उन्होंने साफ किया कि TRE-4 को लेकर परीक्षा जरूर होगी और BPSC पूरी तैयारी के साथ नया शेड्यूल जारी करेगा.
TRE-4 को लेकर पहले भी हुआ था आंदोलन
गौरतलब है कि TRE-4 की मांग और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर पटना में शिक्षक अभ्यर्थियों और छात्र नेताओं की ओर से बड़ा आंदोलन भी किया गया था. आंदोलन के बाद सरकार के साथ वार्ता हुई थी, जिसके बाद आंदोलन को स्थगित किया गया.अब एक बार फिर परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाए जाने के बाद अभ्यर्थियों के बीच चर्चा तेज है. हालांकि शिक्षा मंत्री के बयान के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि TRE-4 परीक्षा रद्द नहीं हुई है और नई तारीख BPSC की तैयारी पूरी होने के बाद जारी की जाएगी. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि BPSC TRE-4 की नई आवेदन और परीक्षा तारीख कब जारी करता है और नई प्रक्रिया में अभ्यर्थियों को कितना समय मिलता है.
ADVERTISEMENT


