Bihar 13 September weather update: बिहार में मानसून की चाल इन दिनों धीमी बनी हुई है और राज्य के अधिकांश इलाकों में मौसम में कोई बड़ा उलटफेर देखने को नहीं मिल रहा है. राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई है, जबकि कुछ जगहों पर मौसम शुष्क बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ और उसके आस-पास बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है. इसके साथ ही मानसून ट्रफ और चक्रवाती परिसंचरण का असर भी देखा जा रहा है. मानसून की यह धीमी रफ्तार फिलहाल राज्य के तापमान और मौसम को स्थिर रखे हुए है.
ADVERTISEMENT
बिहार में 13 सितंबर को कैसा रहेगा मौसम?
बिहार में 13 सितंबर को मानसून की गतिविधि कमजोर रहने का पूर्वानुमान जताया गया है. राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की बारिश या केवल एक-दो स्थानों पर ही बूंदों की संभावना है. उत्तर-पश्चिम बिहार के जिलों जैसे पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान और सारण में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. इसके अलावा उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व बिहार के जिलों जैसे मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में भी केवल छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है.
वहीं दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के जिलों (रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा, बेगूसराय) तथा दक्षिण-पूर्व के जिलों (जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया, भागलपुर) में मौसम शुष्क रहने या केवल नाममात्र बारिश की संभावना है. हालांकि, खबर लिखें जाने तक मौसम विभाग ने 13 सितंबर के लिए बिहार के किसी भी जिले में बारिश या वज्रपात का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है.
यह पढ़ें: जिसकी हत्या के केस में पति-ससुर समेत 8 लोग गए जेल, 12 साल बाद वही महिला जिंदा मिली
आने वाले दिनों में बिहार के मौसम का हाल
आने वाले दिनों में बिहार के कई जिलों में एक बार फिर बारिश की रफ्तार बढ़ सकती है. 14 सितंबर को स्थिति 13 सितंबर की तरह ही बनी रहेगी, लेकिन 15 और 16 सितंबर से उत्तर और पूर्व बिहार के जिलों में बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी. इसके साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने के साथ मेघगर्जन की चेतावनी दी गई है. वहीं 16 और 17 सितंबर को मौसम विभाग ने अररिया और किशनगंज जिलों में तथा 16 सितंबर को सुपौल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा, 18 सितंबर को पूर्णिया जिले में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. 15 से 17 सितंबर के दौरान मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा जैसे उत्तरी बिहार के जिलों में अनेक स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी.
यह भी पढ़ें: बिहार: टूटे पैर पर प्लास्टर की जगह बांध दिया गत्ता, जहानाबाद अस्पताल की तस्वीर वायरल हुई तो मचा हड़कंप
ADVERTISEMENT


