बिहार में 22 सितंबर को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विज्ञान केंद्र, पटना की 21 सितंबर 2026 को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मॉनसून की गतिविधि कमजोर रही. इस दौरान पूर्वी बिहार के अनेक स्थानों, मध्य बिहार के कुछ हिस्सों और दक्षिण-पश्चिम बिहार के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तर-पश्चिम बिहार शुष्क रहा. आइए विस्तार से जानते हैं कैसा रहेगा 22 सितंबर को राज्य का मौसम और आने वाले दिनों का हाल.
ADVERTISEMENT
22 सितंबर को कैसा रहेगा बिहार का मौसम?
22 सितंबर को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की संभावना बनी हुई है. उत्तर-पश्चिम बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है. उत्तर-मध्य बिहार के मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी में भी एक-दो स्थानों पर बारिश की संभावना है. उत्तर-पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है.
दक्षिण-पश्चिम बिहार के रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है. वहीं दक्षिण-मध्य बिहार के पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद में एक-दो स्थानों पर तथा दक्षिण-पूर्व बिहार के भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में भी एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है.
दक्षिण-पश्चिम बिहार में तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट
22 सितंबर के लिए मौसम विभाग ने राज्य के दक्षिण-पश्चिम हिस्से के जिलों में कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ तेज हवा चलने की संभावना जताई है. इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. यानी रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद समेत दक्षिण-पश्चिम बिहार के इलाकों में मौसम को लेकर विशेष सतर्कता की जरूरत होगी.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिनों के दौरान राज्य के अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होने की संभावना है. इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान है. न्यूनतम तापमान में भी अगले तीन दिनों तक कोई खास बदलाव नहीं होने की संभावना है, जबकि इसके बाद अगले तीन दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का पूर्वानुमान है.
23 सितंबर को बांका, जमुई और किशनगंज में अधिकांश स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इसके साथ उत्तर-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना है. 24 सितंबर को उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार में अधिकांश स्थानों पर तेज हवा के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना है. इसी दिन अररिया, भागलपुर, जहानाबाद, कटिहार, खगड़िया, किशनगंज, लखीसराय, मधेपुरा, मुंगेर, पूर्णिया, सहरसा और शेखपुरा में अधिकांश स्थानों पर भारी बारिश, जबकि बांका, गया, जमुई और नवादा में अधिकांश स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
25 सितंबर को अरवल, भोजपुर, बक्सर, जहानाबाद, नालंदा और पटना में अधिकांश स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है, जबकि उत्तर-पश्चिम बिहार के जिलों के साथ औरंगाबाद, गया और रोहतास में अधिकांश स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है. 26 सितंबर को औरंगाबाद, भभुआ, भोजपुर, बक्सर और रोहतास में अधिकांश स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश तथा उत्तर-पश्चिम बिहार में भारी बारिश की संभावना है. 27 सितंबर को पूर्वी चंपारण, गोपालगंज और पश्चिमी चंपारण में अधिकांश स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान है.
बारिश और वज्रपात के दौरान सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश के दौरान जान-माल तथा पशुओं को नुकसान की आशंका जताई है. विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खुले में होने पर जल्द से जल्द पक्के मकान में शरण लेने की सलाह दी है. ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा बिजली का संचालन करने वाली वस्तुओं से दूरी बनाए रखने को कहा गया है. भारी बारिश के दौरान नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी और शहरों के निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन सकती है.
Jamui Viral Video: जमुई बदसलूकी मामले में राहुल गांधी ने सरकार से किया सवाल, कर दी ये बड़ी मांग
ADVERTISEMENT


