Bihar Weather: 30 जुलाई को उत्तर बिहार में बदलेगा मौसम का मिजाज, इन जिलों में तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट

न्यूज तक डेस्क

• 08:19 PM • 29 Jul 2026

Bihar Weather Update 30 July: बिहार में 30 जुलाई को मौसम का मिजाज बदलने वाला है. IMD ने उत्तर बिहार के कई जिलों के लिए तेज हवा, मेघगर्जन और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया. जानिए किन जिलों में बारिश की संभावना है, कहां 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, तापमान का ताजा अपडेट क्या है और मौसम विभाग ने लोगों के लिए क्या जरूरी सलाह जारी की है.

Bihar Weather Update
Bihar Weather Update
Google CTA

बिहार में मौसम का मिजाज लगातार बदलते हुए नजर आ रहा है. पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार में मानसून की गतिविधियां सामान्य बनी रहीं. दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तर-मध्य और पूर्वी बिहार के कुछ हिस्सों में भी बारिश हुई. वहीं उत्तर-पश्चिम बिहार के एक-दो स्थानों पर वर्षा रिकॉर्ड की गई. मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अधिकतम तापमान 32 से 36.9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 25.5 से 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अब 30 जुलाई को उत्तर बिहार के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है.

Read more!

30 जुलाई को कैसा रहेगा मौसम?

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), पटना के अनुसार 30 जुलाई को उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व बिहार के कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना है. वहीं दक्षिण और मध्य बिहार के अधिकांश जिलों में केवल एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। पूरे राज्य में भारी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन उत्तर बिहार के कुछ हिस्सों में मौसम सक्रिय रहेगा.

किन जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट?

मौसम विभाग ने 30 जुलाई के लिए उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व बिहार में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने तथा मेघगर्जन और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया है. इसमें शामिल जिले हैं:

उत्तर-पश्चिम बिहार: पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण.

उत्तर-पूर्व बिहार: सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा.

इन जिलों के लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है.

अन्य जिलों में कैसा रहेगा मौसम?

पटना, गया, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, शेखपुरा, रोहतास, कैमूर, भोजपुर, बक्सर, औरंगाबाद, अरवल, भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई और खगड़िया समेत दक्षिण बिहार के अधिकांश जिलों में 30 जुलाई को केवल एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है. यहां किसी विशेष मौसम चेतावनी की घोषणा नहीं की गई है.

तापमान में नहीं होगा बड़ा बदलाव

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 30 जुलाई को राज्य के अधिकतम तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा. उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि दक्षिण-पश्चिम बिहार में यह 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. न्यूनतम तापमान अधिकांश जिलों में 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा.

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और तेज हवा के दौरान खुले मैदानों में न रहें. वज्रपात के समय तुरंत किसी पक्के भवन में शरण लें, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें तथा जलभराव और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें.

BPSC TRE-4: 32,388 पदों पर होगी शिक्षक बहाली, इन कक्षाओं में होंगी नियुक्तियां