Bihar Weather Alert: बिहार में 14 अगस्त को झमाझम बारिश के आसार, कई जिलों में तेज हवा-वज्रपात की चेतावनी

न्यूज तक डेस्क

• 08:02 PM • 13 Aug 2026

Bihar Weather Update: बिहार में 14 अगस्त को मानसून की सक्रियता के बीच कई जिलों में बारिश, मेघ गर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया गया है. जानें 14 अगस्त को कैसा रहेगा मौसम, तापमान कितना रहेगा और 15 से 18 अगस्त तक बारिश को लेकर IMD का क्या पूर्वानुमान है.

Bihar Weather Forecast
Bihar Weather Forecast
Google CTA

बिहार में मौसम का मिजाज लगातार बदलते हुए नजर आ रहा है. पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के सभी हिस्सों में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. इस दौरान झंझारपुर में सबसे अधिक 41 मिमी बारिश हुई, जबकि चटिया में 30.4 मिमी और लखनौर में 22 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. राज्य में अधिकतम तापमान 35 से 37.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस अरवल में दर्ज किया गया. अब 14 अगस्त को भी बिहार में बारिश का दौर जारी रहने के साथ कई हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी दी गई है.

Read more!

14 अगस्त को इन इलाकों में तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट

मौसम विभाग के 14 अगस्त के पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य के उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. ऐसे में इन इलाकों में रहने वाले लोगों को बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

14 अगस्त को कहां-कहां होगी बारिश?

मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार 14 अगस्त को उत्तर-पश्चिम बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है.उत्तर-मध्य बिहार के मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी में एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है. वहीं उत्तर-पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में एक-दो स्थानों पर बारिश का पूर्वानुमान है.

दक्षिण-पश्चिम बिहार के रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. दक्षिण-मध्य बिहार के पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय में भी कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है. वहीं दक्षिण-पूर्व बिहार के जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में 14 अगस्त को एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है.

तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2-3 दिनों के दौरान बिहार के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है. 14 अगस्त को उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व बिहार में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. दक्षिण-पश्चिम बिहार में भी अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम 26 से 28 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है.

पटना, गया, नालंदा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय समेत दक्षिण-मध्य बिहार में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. दक्षिण-पूर्व बिहार में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री के बीच रहने का पूर्वानुमान है.

क्यों बदला है बिहार के मौसम का मिजाज?

मौसम विभाग के अनुसार तटीय पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश तथा उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र आगे बढ़कर डिप्रेशन में बदल गया है. 13 अगस्त की सुबह इसका केंद्र तटीय पश्चिम बंगाल में था और अगले 24 घंटों के दौरान इसके गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल और झारखंड से होते हुए उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की बहुत संभावना जताई गई है. इसके अलावा उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है.

अगले दिनों में और बढ़ सकती है बारिश

14 अगस्त के बाद भी बिहार में बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है. 15 अगस्त को उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व बिहार में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना है. 16 अगस्त को उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य हिस्सों के साथ उत्तर-मध्य तथा दक्षिण-पूर्व बिहार में भी ऐसी स्थिति बन सकती है.

17 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवा के साथ बेगूसराय, समस्तीपुर, वैशाली और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. 18 अगस्त को अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और सुपौल में भारी बारिश का पूर्वानुमान है.

भरत तिवारी एनकाउंटर मामला: परिजन को सरकारी नौकरी और मुआवजा, CM सम्राट ने की घोषणा