बिहार में मानसून की गतिविधियां फिलहाल सक्रिय बनी हुई हैं. पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. इस दौरान गया जिले के इमामगंज में 122.4 मिमी बारिश हुई, जबकि अत्री और मोहड़ा में 106.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं पटना और औरंगाबाद के एक-दो स्थानों पर भी भारी बारिश दर्ज हुई. अब विभाग का ताजा अपडेट सामने आया है जिसके मुताबिक 19 अगस्त को भी राज्य में बारिश का दौर जारी रहने वाला है. राज्य के उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम बिहार में गरज-चमक और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है.
ADVERTISEMENT
उत्तर-पश्चिम बिहार में कई जगह बारिश
19 अगस्त को पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण वाले उत्तर-पश्चिम बिहार में अनेक स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. इस क्षेत्र में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवा के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात का भी अलर्ट है.
उत्तर-मध्य बिहार में कुछ जगह बारिश
मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी में 19 अगस्त को कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. हालांकि इस क्षेत्र के लिए 19 अगस्त को अलग से तेज हवा या वज्रपात की चेतावनी नहीं दी गई है.
उत्तर-पूर्व बिहार में भी बारिश के आसार
उत्तर-पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में 19 अगस्त को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.
दक्षिण-पश्चिम बिहार में सबसे ज्यादा असर
रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद वाले दक्षिण-पश्चिम बिहार में 19 अगस्त को अनेक स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. इसी क्षेत्र में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवा चलने की चेतावनी भी दी गई है. खास बात यह है कि औरंगाबाद, भभुआ और रोहतास में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
पटना समेत दक्षिण-मध्य बिहार का हाल
पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय वाले दक्षिण-मध्य बिहार में 19 अगस्त को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. यानी पटना समेत इस पूरे क्षेत्र में बारिश के कुछ दौर देखने को मिल सकते हैं, हालांकि 19 अगस्त के लिए इस हिस्से में अलग से भारी बारिश का अलर्ट नहीं दिया गया है. वहीं दक्षिण-पूर्व बिहार के जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में भी 19 अगस्त को कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है.
19 अगस्त को कितना रहेगा तापमान?
तापमान की बात करें तो 19 अगस्त को उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 से 28 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. उत्तर-पूर्व बिहार में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम 26 से 28 डिग्री के आसपास रह सकता है.
दक्षिण-पश्चिम बिहार में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम 26 से 28 डिग्री रहने की संभावना है. वहीं पटना समेत दक्षिण-मध्य बिहार में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम 24 से 26 डिग्री के आसपास रह सकता है. दक्षिण-पूर्व बिहार में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम 24 से 26 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है.
20 अगस्त के बाद भी मौसम रहेगा सक्रिय
19 अगस्त के बाद भी बिहार में बारिश और मौसम की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है. 20 अगस्त को उत्तर-पश्चिम, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम बिहार में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात हो सकता है.
इसके बाद 21 अगस्त को भी उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के हिस्सों में तेज हवा, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है. 21 अगस्त को अररिया, पूर्वी चंपारण, किशनगंज और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश का पूर्वानुमान है.
बारिश और वज्रपात के दौरान सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश के दौरान लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. खुले में रहने की स्थिति में जल्द से जल्द पक्के मकान में शरण लेने, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा विद्युत संचालित वस्तुओं से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है. भारी बारिश के दौरान नदियों का जलस्तर बढ़ने और शहरों के निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन सकती है. अचानक बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों से दूर रहने की भी सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT


