बिहार में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है. मौसम विभाग ने 26 मई को राज्य के कई जिलों में तेज हवा, मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. खासकर सीमांचल और उत्तर बिहार के जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई गई है. वहीं दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में अभी भी गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में बिहार में प्री-मानसून गतिविधियां और तेज होंगी, जिससे कई जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है.
ADVERTISEMENT
26 मई को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार 26 मई को बिहार के कई हिस्सों में मौसम अचानक बदल सकता है. राज्य के उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई गई है. कई इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इसके अलावा सीमांचल के कुछ जिलों में भारी बारिश को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने कहा है कि दोपहर बाद और शाम के समय मौसम ज्यादा सक्रिय हो सकता है.
किन जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट?
मौसम विभाग ने अररिया, किशनगंज और सुपौल जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. कई इलाकों में जलजमाव जैसी स्थिति बनने की भी संभावना है.
इसके अलावा कटिहार, मधेपुरा, पूर्णिया और सहरसा जिलों में भी तेज हवा और मेघ गर्जन की संभावना जताई गई है. उत्तर-मध्य बिहार और उत्तर-पश्चिम बिहार के कई जिलों में भी वज्रपात और आंधी का असर देखने को मिल सकता है.
किन जिलों में मौसम रहेगा शुष्क?
मौसम विभाग के सात दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार दक्षिण-पश्चिम बिहार के रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद जिलों में 26 मई को मौसम शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि यहां उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग का कहना है कि 27 मई से 31 मई तक बिहार के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और वज्रपात की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. 27 मई को किशनगंज जिले में भारी बारिश और तेज हवा का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं 28 और 29 मई को उत्तर-पूर्व, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के जिलों में फिर से तेज हवा और मेघ गर्जन की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि अगले चार दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलने के आसार हैं.
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है. विभाग के अनुसार मेघ गर्जन और वज्रपात के समय खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें और तुरंत किसी पक्के मकान में शरण लें. तेज हवा के कारण झुग्गी-झोपड़ी, टिन शेड और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंच सकता है. लोगों को सलाह दी गई है कि अस्थायी और कमजोर ढांचों को सुरक्षित करें और बिजली के उपकरणों के प्लग निकाल दें.
इसके अलावा हीट स्ट्रोक से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस और लस्सी पीने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने लोगों से दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और शरीर में पानी की कमी न होने देने की अपील की है.
ADVERTISEMENT


